सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 4.65 लाख की ठगी, दो युवकों पर मुकदमा

सात लोगों से वसूली गई रकम, फर्जी ऑफर लेटर और नकली आईकार्ड दिखाकर दिया झांसा

Published On

गाजियाबाद (सच कहूँ/रविंद्र सिंह )। खोड़ा थाना क्षेत्र में सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर सात लोगों से 4.65 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो युवकों ने ईएसआई में नौकरी दिलाने का दावा करते हुए पीड़ितों से मोटी रकम वसूल ली और बाद में फर्जी ऑफर लेटर तथा नकली आईकार्ड दिखाकर उन्हें गुमराह करते रहे। रुपये वापस मांगने पर आरोपित मकान छोड़कर फरार हो गए।मुरादनगर के गंगा विहार निवासी अल्पना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पति हरीश कश्यप की खोड़ा कॉलोनी निवासी अशोक से मित्रता थी। अशोक ने उनकी मुलाकात नोएडा सेक्टर-62 निवासी विजेंद्र से कराई।

विजेंद्र ने खुद को ईएसआई में सरकारी कर्मचारी बताते हुए कहा कि वह सरकारी नौकरी लगवा सकता है।शिकायत के अनुसार नौकरी दिलाने के एवज में प्रति व्यक्ति 1.50 लाख रुपये तक की मांग की गई। इस पर हरीश कश्यप ने 1.50 लाख रुपये, उनके साले यश कुमार ने 85 हजार रुपये, केसी त्यागी ने 95 हजार रुपये, मोनू त्यागी ने 60 हजार रुपये, जतिन कुमार ने 30 हजार रुपये, पूजा ने 30 हजार रुपये और अल्पना ने 15 हजार रुपये दिए। इस तरह कुल 4.65 लाख रुपये आरोपियों को सौंपे गए।

काफी समय बीत जाने के बाद भी नौकरी नहीं लगी तो पीड़ितों ने आरोपियों से जवाब मांगा। इस पर उन्होंने फर्जी ऑफर लेटर दिखाकर जल्द नियुक्ति होने का भरोसा दिलाया। बाद में नकली आईकार्ड भी दिखाए गए, लेकिन किसी को नौकरी नहीं मिली।पीड़ितों का आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर विजेंद्र ने फोन बंद कर लिया। जब सभी लोग उसके खोड़ा स्थित घर पहुंचे तो पता चला कि वह मकान खाली कर चुका है। कुछ दिन बाद उसका नंबर चालू मिला, लेकिन उसने किसी का फोन नहीं उठाया।पीड़ितों की शिकायत पर खोड़ा थाना पुलिस ने अशोक और विजेंद्र के खिलाफ धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं। जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

About The Author

Related Posts