Kanwar Yatra: कांवड़ यात्रा के दौरान दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर सामान्य यातायात जारी रहेगा
मेरठ से आने वाली तीन लेन डाक कांवड़ और कांवड़ वाहनों के लिए आरक्षित, हल्के वाहनों को अनुमति नहीं
गाजियाबाद (सच कहूँ/रविंद्र सिंह)। Ghaziabad News: कांवड़ यात्रा-2026 के मद्देनजर गाजियाबाद प्रशासन ने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गाजियाबाद क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे को आम वाहनों के लिए पूरी तरह बंद नहीं किया जाएगा, जिससे दिल्ली और एनसीआर के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।यातायात व्यवस्था के तहत मेरठ से गाजियाबाद और दिल्ली की ओर आने वाले मार्ग की तीन लेन विशेष रूप से डाक कांवड़ और कांवड़ियों के वाहनों के लिए आरक्षित की गई हैं। इन लाइनों से केवल कांवड़ यात्रा से जुड़े वाहन ही गुजर सकेंगे। प्रशासन ने सुरक्षा और सुचारु संचालन को ध्यान में रखते हुए हल्के वाहनों को इस हिस्से में अनुमति नहीं देने का निर्णय लिया है।
अधिकारियों के अनुसार कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और निर्बाध बनी रहे तथा एक्सप्रेस-वे पर दुर्घटनाओं की संभावना कम हो। इसके साथ ही पुलिस और यातायात विभाग को संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्गों और ट्रैफिक एडवाइजरी की जानकारी अवश्य प्राप्त करें तथा कांवड़ यात्रा के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करें। प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और आम जनता की सुविधा के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए यह विशेष यातायात योजना तैयार की गई है।
1.jpg)