Speaker Om Birla: जब स्पीकर ओम बिरला विपक्ष को बोले- 'महात्मा गांधी से लें प्रेरणा'
लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित
Speaker Om Birla: नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के दौरान शुक्रवार को भी लोकसभा की कार्यवाही विपक्ष के विरोध-प्रदर्शन के कारण सामान्य रूप से नहीं चल सकी। सदन की शुरुआत होते ही विपक्षी सदस्यों ने विभिन्न मुद्दों को लेकर जोरदार नारेबाजी की, जिससे प्रश्नकाल संचालित करना संभव नहीं हो पाया। लगातार व्यवधान के चलते लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित करने की घोषणा की। Lok Sabha News
कार्यवाही प्रारंभ होने से पहले लोकसभा अध्यक्ष ने भारत छोड़ो आंदोलन की वर्षगांठ के अवसर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा स्वतंत्रता संग्राम के सभी अमर सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि वर्ष 1942 में शुरू हुआ यह आंदोलन देश की एकता, साहस, सत्य और अहिंसा की भावना का प्रतीक रहा है तथा इसने स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान की। इस अवसर पर सदन में उपस्थित सभी सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान किया।
इसके बाद जैसे ही प्रश्नकाल शुरू हुआ, विपक्षी सांसदों ने अपने विभिन्न मुद्दों को लेकर विरोध दर्ज कराना शुरू कर दिया। विपक्ष की ओर से 20 जुलाई की कथित पुलिस कार्रवाई और अयोध्या राम मंदिर चंदा मामले से जुड़े आरोपों पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सदन में जवाब देने की मांग दोहराई गई। विरोध तेज होने से सदन की कार्यवाही बाधित होती रही।
लोकसभा अध्यक्ष ने कई बार विपक्षी सदस्यों से शांतिपूर्वक चर्चा में भाग लेने और प्रश्नकाल को चलने देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती का आधार संवाद और विचार-विमर्श है तथा संसद जनता की समस्याओं और जनप्रतिनिधियों के प्रश्नों पर चर्चा का सर्वोच्च मंच है। उन्होंने संसदीय मर्यादाओं का पालन करने की भी अपील की। बार-बार अनुरोध के बावजूद सदन में व्यवस्था बहाल नहीं हो सकी। लगातार हंगामे के चलते अध्यक्ष ने अंततः लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी। Lok Sabha News