शिक्षा और रोजगार
Tiranga Yatra: 'कैराना पुलिस की तिरंगा यात्रा पर नगरवासियों ने की पुष्पवर्षा'
एएसपी सुमित शुक्ला व कोतवाल सतीश कुमार के संयुक्त नेतृत्व में कस्बे के मुख्य बाजारों से गुजरी तिरंगा यात्रा, पुलिसकर्मियों ने लोगो से हर घर तिरंगा फहराने का किया आह्वान
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: कैराना पुलिस ने नगर के बाजारों में धूमधाम के साथ तिरंगा यात्रा निकाली। इस दौरान नगरवासियों व व्यापारियों ने तिरंगा यात्रा में शामिल पुलिसकर्मियों पर पुष्पवर्षा करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। पुलिसकर्मियों ने लोगों से हर घर तिरंगा फहराने का आह्वान किया। शुक्रवार को एएसपी सुमित शुक्ला कैराना कोतवाली पहुंचे। जहां पर उन्होंने पुलिसकर्मियों को संबोधित किया। एएसपी ने स्वतंत्रता दिवस के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 15 अगस्त 2026 को संपूर्ण भारतवर्ष अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है।
विगत कई वर्षों से हर घर तिरंगा कार्यक्रम भी चल रहा है, जिसके तहत तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि तिरंगे के साथ यात्रा का उद्देश्य जन-जन में राष्ट्र प्रेम की भावना को जागृत करना है। वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने कहा कि भारत को आजादी दिलाने में वीर सपूतों ने बलिदान दिया है, जिनकी बदौलत आज हम खुली हवा में सांस ले रहे हैं। हमें आजादी के मतवालों के बलिदान को कभी भुलाना नहीं चाहिए। संबोधन के पश्चात एएसपी व कोतवाल के संयुक्त नेतृत्व में पुलिसकर्मियों के द्वारा तिरंगा यात्रा निकाली गई, जो कोतवाली से प्रारंभ होकर कस्बे के मुख्य मार्ग व बाजारों से होकर गुजरी। तिरंगा यात्रा बाद में पुनः कोतवाली में पहुंचकर संपन्न हुई।
इस दौरान नगरवासियों एवं व्यापारियों ने तिरंगा यात्रा में शामिल पुलिसकर्मियों पर फूलों की वर्षा करके उनका भव्य स्वागत किया। डीजे पर बज रहे गानों ने पूरे माहौल को देशभक्ति के रंग से सराबोर कर दिया। यात्रा के दौरान क्षेत्रवासियों से हर घर तिरंगा कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर अपराध निरीक्षक योगेंद्र सिंह, महिला इंस्पेक्टर पिंकी गोस्वामी, एसएसआई अखिल चौधरी, किलागेट चौकी प्रभारी एसआई राजकुमार बघेल इमामगेट चौकी प्रभारी एसआई जितेंद्र त्यागी, तीतरवाड़ा चौकी प्रभारी एसआई पवन चौधरी, दभेड़ी खुर्द चौकी प्रभारी एसआई गौरव चौहान, भूरा हलका प्रभारी एसआई सतीश सिंह, महिला एसआई शिल्पी चौधरी, हेड कांस्टेबल रिंकू भाटी, शहजाद अली आदि पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
8.jpg)