राजकीय महाविद्यालय, छछरौली में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति के रंग में रंगा राजकीय महाविद्यालय छछरौली
छछरौली (सच कहूँ/राजेंद्र कुमार)। Chhachhrauli News: राजकीय महाविद्यालय छछरौली में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो डॉ सुनील तनेजा के कुशल मार्गदर्शन में प्रात: महाविद्यालय परिसर में ध्वजारोहण समारोह के साथ हुआ। कार्यक्रम में डॉ संजीव शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इसके पश्चात राष्ट्रगान और राष्ट्रीय गीत वन्दे मातरम् का गायन किया गया, जिससे पूरा परिसर ' भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम्' के नारों से गूंज उठा। अपने भाषण में डॉ संजीव शर्मा ने महाविद्यालय परिवार, प्राध्यापकों और छात्र-छात्राओं को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी।
उन्होंने देश की आज़ादी के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले अमर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि हमें स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे शिक्षा, अनुशासन और राष्ट्र सेवा के पथ पर चलते हुए देश के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। इस अवसर पर महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा देश भक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई, जिनमें देशभक्ति गीत, भाषण और कविताएं शामिल थी। कार्यक्रम के अंत में एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवकों और विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया तथा सभी उपस्थित लोगों में मिठाई वितरित की गई| इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त शैक्षणिक व गैर -शैक्षणिक स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहें।