Indian Army News: लापता हुए सेना के पांच जवानों का अभी तक नहीं लगा सुराग, खोज जारी
अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ का कहर, सेना के 5 जवान लापता; नाचो भूस्खलन में 4 की मौत
ईटानगर। अरुणाचल प्रदेश के दिबांग वैली जिले में भारी बारिश के बाद अचानक आई बाढ़ ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पासु पानी क्षेत्र में आई बाढ़ के दौरान सेना के दो आश्रय स्थल बह गए, जिसमें मौजूद सात जवानों में से दो को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि पांच जवान अभी भी लापता हैं। लापता जवानों की तलाश के लिए बड़े स्तर पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है। Indian Army News
अधिकारियों के अनुसार, घटना शुक्रवार शाम की है। मिपी सर्कल से करीब 25 किलोमीटर दूर पासु पानी क्षेत्र में अचानक बाढ़ आने से सेना के कैंप को नुकसान पहुंचा। बाढ़ के तेज बहाव में 5वीं ग्रेनेडियर्स के दो शेल्टर बह गए। इन आश्रय स्थलों में सात जवान मौजूद थे। इनमें से दो जवानों को बचा लिया गया, जबकि पांच जवानों का अब तक पता नहीं चल सका है। लापता जवानों की पहचान हवलदार उपेंद्र, कुंदन, विनोद, आदित्य और समुंडा के रूप में बताई गई है।
SDRF-NDRF समेत कई टीमें तलाश में जुटीं
दिबांग वैली के पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार के मुताबिक, लापता जवानों की तलाश लगातार जारी है। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और जिला प्रशासन की टीमें अभियान में जुटी हुई हैं। इसके अलावा 5वीं ग्रेनेडियर्स की दो विशेष खोज एवं बचाव टीमें भी तैनात की गई हैं। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) की 58वीं बटालियन, जनरल रिजर्व इंजीनियर फोर्स की 62 आरसीसी, अरुणाचल प्रदेश पुलिस और स्थानीय स्वयंसेवक भी अभियान में सहयोग कर रहे हैं। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और लगातार बारिश के बीच बचाव दलों को चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। सेना के कैंप और अन्य बुनियादी ढांचे को हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है। Indian Army News
नाचो में भूस्खलन ने ली चार लोगों की जान
इस बीच अरुणाचल प्रदेश के अपर सुबनसिरी जिले के नाचो क्षेत्र में भी भारी बारिश के कारण भूस्खलन की घटना सामने आई। यहां मलबे में दबे चार लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि एक व्यक्ति को सुरक्षित निकाल लिया गया। बचाए गए व्यक्ति की पहचान सोनार बासुमतारी के रूप में हुई है। उन्हें उपचार के लिए ईटानगर अस्पताल भेजा गया है। बरामद शवों की पहचान टाडू बाकी, ताजी राय, बाबुल अली और मारकोस बासुमतारी के रूप में बताई गई है।
भारी बारिश के कारण अरुणाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां संवेदनशील क्षेत्रों में स्थिति पर नजर रख रही हैं। राहत एवं बचाव दल प्रभावित इलाकों में फंसे लोगों और लापता जवानों की तलाश में जुटे हुए हैं। Indian Army News