Mumbai Railway News: अरावली एक्सप्रेस में हंगामा! पुलिस कर्मियों पर हमला वाला मॉडल गिरफ्तार
RPF कर्मियों से विवाद का मामला, 31 वर्षीय मॉडल अंतरा सोहम बनर्जी को RPF ने किया गिरफ्तार
Aravali Express Model Case: मुंबई (हि.स.)। महाराष्ट्र के ठाणे की 31 वर्षीय मॉडल अंतरा सोहम बनर्जी को अरावली एक्सप्रेस के आरक्षित एसी कोच में कथित तौर पर हंगामा करने और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों के साथ मारपीट करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। बाद में कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया। मामले की जांच बोरीवली जीआरपी पुलिस कर रही है। बोरीवली जीआरपी के अनुसार, घटना 12 अगस्त की रात की है। बनर्जी एक शूटिंग से जुड़े काम के लिए सूरत जा रही थीं। उनके पास स्लीपर श्रेणी का टिकट था, लेकिन आरोप है कि वह ट्रेन के आरक्षित एसी कोच में बैठ गईं। Mumbai Railway News
बोरीवली और दहानू के बीच रात करीब 9:30 से 10:50 बजे के दौरान एक यात्री ने कथित तौर पर उनसे सीट खाली करने के लिए कहा। विवाद बढ़ने पर मामला टिकट जांच कर्मियों और आरपीएफ तक पहुंच गया। मामले में आरपीएफ के सहायक उपनिरीक्षक यामिनीकांत मिश्रा और कांस्टेबल राजेश कुमार ने हस्तक्षेप किया। पुलिस शिकायत के मुताबिक, इसी दौरान बनर्जी पर आरपीएफ कर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार और कथित तौर पर हिंसक होने के आरोप लगे। शिकायत में यह भी आरोप है कि विवाद के दौरान रेजर ब्लेड का इस्तेमाल किया गया तथा एक आरपीएफ कर्मी की वर्दी और मोबाइल फोन को नुकसान पहुंचाया गया।
कोच का दरवाजा बंद करना पड़ा | Mumbai Railway News
पुलिस के अनुसार, स्थिति को नियंत्रण से बाहर होने से रोकने के लिए आरपीएफ कर्मियों ने कोच के दरवाजे बंद कर दिए। इसके बाद आरोप है कि बनर्जी ने कांच तोड़कर बाहर निकलने का प्रयास किया। बाद में उन्हें दहानू रेलवे स्टेशन पर उतारा गया और सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) के हवाले कर दिया गया। बोरीवली जीआरपी इंस्पेक्टर कुंडा गावड़े के अनुसार, शुरुआती पूछताछ और यात्रियों के बयानों के आधार पर ऐसा प्रतीत होता है कि एसी कोच में सीट नहीं मिलने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
13 अगस्त को दर्ज मामले में सरकारी कर्मचारियों के काम में बाधा डालने, हमला करने, उन्हें चोट पहुंचाने, सुरक्षा को खतरे में डालने और जानबूझकर अपमान करने समेत संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, कानूनी प्रक्रिया के तहत नोटिस जारी करने के बाद मॉडल को जमानत पर रिहा कर दिया गया। मामले की जांच फिलहाल जारी है। Mumbai Railway News