मानेसर के निजी स्कूल में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, बच्चे सुरक्षित

स्कूल में धुआं भरते ही बच्चों को बाहर निकाला

Published On

गुरुग्राम (सच कहूँ/संजय कुमार मेहरा)। Gurugram News: गांव मानेसर स्थित एक निजी स्कूल में बुधवार सुबह शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। घटना के समय स्कूल में करीब 500 से 600 बच्चे मौजूद थे और कुछ बच्चे पहुंच रहे थे। आग लगते ही स्कूल प्रबंधन ने अलार्म बजाकर बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। हादसे में किसी बच्चे या स्टाफ के घायल होने की सूचना नहीं है। जानकारी के अनुसार सुबह करीब आठ बजे एनएसजी कैंपस के पास स्थित स्कूल में बिजली के तारों में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ। इससे चिंगारी निकलने लगी और कुछ ही देर में परिसर में धुआं भर गया।

इससे बच्चों और स्टाफ में अफरा-तफरी मच गई। स्कूल स्टाफ ने तुरंत बच्चों को कक्षाओं से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और इसे अन्य कक्षाओं तक फैलने से रोक लिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और स्कूल परिसर का जायजा लिया। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस और संबंधित विभाग स्कूल के बिजली के तारों और सुरक्षा उपकरणों की भी जांच कर रहे हैं।

Gurugram News

About The Author

Related Posts