Wall Collapsed: 250 साल पुराने राजाजी महल की दीवार गिरी, बुजुर्ग दंपती मलबे में फंसा

बारिश के दौरान अचानक ढही 18 इंच मोटी दीवार

Published On

यमुनानगर/जगाधरी (सच कहूँ न्यूज)। Jagadhri News: जगाधरी में लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार को करीब 200 से 250 साल पुराने राजाजी महल की विशाल दीवार अचानक ढह गई। करीब 18 इंच मोटी दीवार का मलबा सामने स्थित मकान और गली में जा गिरा। हादसे के समय मकान में मौजूद बुजुर्ग दंपती मलबे में फंस गया। आसपास के लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दोनों को बाहर निकाला। दंपती को चोटें आईं और उपचार कराया गया। दीवार गिरने की घटना गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में दीवार का एक हिस्सा गिरने से पहले धीरे-धीरे नीचे आता दिखाई दे रहा है। हादसे से करीब 10 सेकेंड पहले एक स्कूटी सवार भी वहां से गुजरता नजर आया। घटना के समय गली में एक बच्चा भी मौजूद था।

मकान मालिक रोहित बंसल ने बताया कि हादसे के समय वह घर पर नहीं था। सूचना मिलने पर पहुंचा तो उसके माता-पिता मलबे में फंसे मिले। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया। दीवार गिरने से मकान को काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से महल के बचे हुए जर्जर हिस्से का निरीक्षण कर खतरे वाले भागों को सुरक्षित तरीके से हटाने की मांग की है। स्थानीय लोगों के अनुसार महल करीब ढाई शताब्दी पुराना है और इसे राजा ज्योति प्रसाद से जोड़ा जाता है। महल के वंशज ब्रह्मप्रकाश ने कहा कि जिन लोगों के मकान या सामान को नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई की जाएगी। उन्होंने महल के शेष हिस्से की जांच कराने की बात भी कही। जगाधरी सिटी थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल दंपती को उपचार दिलाया गया और महल मालिकों को सुरक्षा संबंधी निर्देश दिए गए। गली से मलबा हटवाकर आवाजाही सुरक्षित कराई गई।

Jagadhri News

About The Author

Related Posts