शिक्षा और रोजगार
भिवानी कोर्ट फायरिंग मामले में अवैध हथियार सप्लायर गुरुग्राम से गिरफ्तार
हथियार सप्लायर संदीप पर पहले से 8 मुकदमे दर्ज, डीएसपी ने दी जानकारी
भिवानी (सच कहूँ न्यूज)। Bhiwani News: भिवानी कोर्ट परिसर में 3 जुलाई 2024 को हुई फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। भिवानी सीआईए टीम द्वारा पहले गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों को अवैध हथियार सप्लाई करने वाले आरोपी को पुलिस ने गुरुग्राम से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव लोहानी निवासी संदीप के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले से ही आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं।
भिवानी के डीएसपी महेश कुमार ने बताया कि 3 जुलाई 2024 को कोर्ट परिसर में फायरिंग की घटना हुई थी। इस मामले में सीआईए टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान डाबर कॉलोनी निवासी आयुष पुत्र रमेश और हिंडोल निवासी इज?ाइल पुत्र लतीफ के रूप में हुई थी। पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो अवैध हथियार बरामद किए थे। जांच के दौरान सामने आया कि ये अवैध हथियार गांव लोहानी निवासी संदीप ने दोनों आरोपियों को सप्लाई किए थे। इसके बाद पुलिस ने आरोपी संदीप को गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया। अदालत में पेश करने के बाद उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
डीएसपी महेश कुमार के अनुसार, संदीप के खिलाफ पहले से ही करीब आठ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें आर्म्स एक्ट, एससी-एसटी एक्ट और मारपीट से जुड़े मामले शामिल हैं, जो अलग-अलग थानों में दर्ज हैं। पुलिस अब रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ कर रही है कि वह अवैध हथियार कहां से लाता था, दोनों हथियार कितने में सप्लाई किए गए थे और इस नेटवर्क में उसके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। डीएसपी ने बताया कि फिलहाल जांच में संदीप की भूमिका हथियार सप्लायर के तौर पर सामने आई है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और किसी दूसरी वारदात का भी खुलासा हो सकता है।