हुडा सेक्टर-6 में जलभराव से फूटा गुस्सा, हांसी-जींद रोड पर लगाया जाम

कई दिन बाद भी नहीं निकला बारिश का पानी, परेशान दोबारा जाम लगाने की दी चेतावनी

Published On

हांसी (सच कहूँ/मुकेश)। Hansi News: हुडा सेक्टर-6 में जलभराव की समस्या से परेशान लोगों का बुधवार को गुस्सा फूट पड़ा। बारिश के कई दिन बाद भी पानी की निकासी नहीं होने से महिलाओं और पुरुषों ने हांसी-जींद रोड पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों की जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से बहस भी हुई। सेक्टरवासियों ने बताया कि बारिश हुए कई दिन बीत चुके हैं, लेकिन पानी अब भी सड़कों और आसपास जमा है। 

लोगों का कहना था कि उन्होंने अपनी गाढ़ी कमाई लगाकर यहां मकान खरीदे थे, लेकिन जलभराव के कारण उन्हें अस्वच्छ माहौल में रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। जाम की सूचना मिलते ही अनाज मंडी चौकी और शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद नगर परिषद और पब्लिक हेल्थ विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। इस दौरान लोग स्थायी समाधान की मांग पर अड़े रहे।

एसडीएम के आश्वासन पर खोला जाम

बाद में हांसी के एसडीएम राजेश कोठ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। उन्होंने लोगों को जल्द पानी की निकासी कराकर समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। एसडीएम के आश्वासन के बाद लोगों ने धरना समाप्त कर जाम खोल दिया। जाम के चलते यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। पुलिस ने जींद चुंगी पर बैरिकेड लगाकर वाहनों को दूसरे रास्तों से डायवर्ट किया। सेक्टर-6 निवासियों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि जल्द पानी की निकासी नहीं हुई और समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे दोबारा सड़क जाम करने को मजबूर होंगे।

Hansi News
Hansi News: हांसी जींद मार्ग पर जाम लगाये हुए सेक्टर वासी।

About The Author

Related Posts