हवाला कारोबारी समेत सात गिरफ्तार, चार पिस्टल और 18 कारतूस बरामद

विदेश में बैठे गैंगस्टरों के नेटवर्क पर गुरुग्राम पुलिस का शिकंजा

Published On

गुरुग्राम (सच कहूँ/संजय कुमार मेहरा)। Gurugram News: गुरुग्राम पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टरों के आपराधिक नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है। पुलिस ने दीपक नांदल, उसकी पत्नी मीनाक्षी और हिमांशु भाऊ से जुड़े गिरोह के सात सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनमें दिल्ली के चांदनी चौक का एक हवाला कारोबारी भी शामिल है।

पुलिस के अनुसार यह गिरोह गुरुग्राम के अलावा पूरे हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में संगठित अपराध चला रहा था। गिरोह के सदस्य बिल्डरों, व्यापारियों और बॉलीवुड, हरियाणवी तथा म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को फोन कर अवैध वसूली और फिरौती के लिए धमकाते थे। लोगों में दहशत फैलाने के लिए गिरोह वारदातों की जिम्मेदारी सोशल मीडिया पर भी लेता था। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी संदीप, बलविंदर, नांदल, योगेश और शुभम सिक्का गिरोह के लिए व्यापारियों के मोबाइल नंबर जुटाते थे। इसके अलावा वे घरों और कार्यालयों की रेकी करते तथा वसूली की रकम गिरोह के फरार सदस्यों तक पहुंचाते थे। आरोपियों पर गिरोह को हथियार और कारतूस उपलब्ध कराने का भी आरोप है।

एसीपी ललित ने बुधवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपी गौरव अरोड़ा चांदनी चौक, दिल्ली में हवाला कारोबार करता है। पुलिस के मुताबिक अपराध से कमाई गई रकम को हवाला के जरिए गिरोह तक पहुंचाने के लिए इस नेटवर्क का इस्तेमाल किया जाता था। गौरव के कब्जे से हवाला में इस्तेमाल होने वाला आधा करेंसी नोट भी बरामद हुआ है।

सोशल मीडिया से गिरोह चला रहे सरगना

जांच में सामने आया है कि गिरोह के सरगना दीपक नांदल और हिमांशु भाऊ फिलहाल विदेश में फरार हैं और सोशल मीडिया के जरिए गिरोह का संचालन कर रहे हैं। पुलिस अब विदेश में बैठे इन आरोपियों के स्थानीय नेटवर्क, वित्तीय लेन-देन और डिजिटल संपर्कों की जांच कर रही है। गिरफ्तार सभी सात आरोपी 30 से 35 साल की उम्र के हैं। पुलिस के अनुसार इनके खिलाफ पहले से करीब ढाई दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी योगेश पर दिल्ली और हरियाणा में मारपीट, धमकी, चोरी और शस्त्र अधिनियम के तहत आठ मामले दर्ज हैं। संदीप हुड्डा के खिलाफ रोहतक में हत्या और शस्त्र अधिनियम के दो मामले हैं।

पुलिस के मुताबिक आरोपी रोहित पर हत्या, हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम के दो मामले दर्ज हैं। वहीं बलविंदर के खिलाफ हरियाणा में हत्या, अपहरण, शस्त्र अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट सहित 17 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार पिस्टल, 18 जिंदा कारतूस, छह मोबाइल फोन और हवाला में इस्तेमाल किया गया करेंसी नोट बरामद किया है। बरामद मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की तकनीकी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के जरिए गिरोह के अन्य सदस्यों और विदेश में बैठे सरगनाओं तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

Gurugram News (2)

About The Author

Related Posts