Tiranga Yatra: शिखर शिक्षा सदन की भव्य तिरंगा यात्रा से देशभक्ति के रंग में रंगा मीरापुर
मीरापुर में शिखर शिक्षा सदन के छात्रों ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा
मीरापुर (सच कहूँ/कोमल कुमार)। Mirapur News: 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में शिखर शिक्षा सदन सीनियर सेकेंडरी स्कूल मीरापुर की ओर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। विद्यालय परिसर से शुरू हुई यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। हाथों में तिरंगा लेकर चल रहे छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति के नारों और गीतों से पूरे नगर को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया। भारत माता की आकर्षक झांकी यात्रा का विशेष आकर्षण रही।
तिरंगा यात्रा से पूर्व विद्यालय परिसर में मुख्य अतिथि यशिका चौहान, विशिष्ट अतिथि क्षेत्राधिकारी जानसठ ऋषिका सिंह, चेयरमैन सुशील शर्मा, निदेशक राजेश शर्मा, प्रबंधिका शिखा शर्मा, राजीव कौशिक, महत्व कौशिक एवं प्रधानाचार्या शालिनी राय ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान हुआ। अतिथियों ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व, स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और नागरिकों के कर्तव्यों की जानकारी दी।
मुख्य अतिथि यशिका चौहान, ऋषिका सिंह, सुशील शर्मा, राजेश शर्मा, शिखा शर्मा एवं थानाध्यक्ष मीरापुर राजीव शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर तिरंगा यात्रा को रवाना किया। यात्रा अंबेडकर चौक, सर्राफा गेट, मेन चौक बाजार, सर्राफा बाजार, कैथोड़ा, मेन रोड और स्टेट बैंक होते हुए विद्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। अंबेडकर चौक पर निदेशक राजेश शर्मा ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
यात्रा के दौरान व्यापारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। जॉनी सैनी एवं उनकी टीम ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। चेयरमैन सुशील शर्मा ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। निदेशक राजेश शर्मा ने विद्यार्थियों से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। प्रबंधिका शिखा शर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत करते हैं।
तिरंगा यात्रा में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भारत माता के जयघोष और लहराते तिरंगों से पूरा मीरापुर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
