सेंट जेवियर्स वर्ल्ड स्कूल मीरापुर में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
सेंट जेवियर्स वर्ल्ड स्कूल मीरापुर में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
मीरापुर (सच कहूं/कोमल कुमार)। Mirapur News: सेंट जेवियर्स वर्ल्ड स्कूल मीरापुर में 15 अगस्त को 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मीरापुर नगर पंचायत के चेयरमैन जमील मलिक, भारतीय किसान यूनियन के जिला सचिव मोहम्मद अफजाल तथा सभासद सरताज अली, दिलशाद मलिक, रशीद अंसारी और अशोक सैनी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य सजी वर्गिस एवं चेयरमैन जमील मलिक ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने राष्ट्रगान गाया तथा देश के वीर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
समारोह की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा योग कार्यक्रम से की गई। बच्चों के शानदार योग प्रदर्शन की उपस्थित लोगों ने जमकर सराहना की। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने एक के बाद एक देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की उत्साहपूर्ण प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर में देशभक्ति और उत्साह का माहौल बन गया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति समर्पण की भावना का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षकों ने विद्यार्थियों को देश के वीर शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और उनके बलिदान के बारे में जानकारी दी। बच्चों को स्वतंत्रता के महत्व के साथ-साथ देश के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने के लिए प्रेरित किया गया।
समारोह के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य सजी वर्गिस ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की स्वतंत्रता हमें वीर शहीदों के त्याग और बलिदान से मिली है। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, अनुशासन और ईमानदारी के साथ देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। साथ ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया। समारोह में विद्यालय का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।