Raja Sen Passes away: वरिष्ठ निर्देशक राजा सेन का निधन, शोक में फिल्म जगत
बंगाली फिल्म और टेलीविजन जगत के वरिष्ठ निर्देशक थे राजा सेन
Raja Sen Passes away: कोलकाता (हि. स.)। बंगाली फिल्म और टेलीविजन जगत के वरिष्ठ निर्देशक राजा सेन का रविवार सुबह निधन हो गया। उन्होंने सुबह करीब दस बजे अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से मनोरंजन जगत में शोक की लहर दौड़ गई। बताया गया है कि हाल ही में राजा सेन घर में गिर गए थे, जिससे उनकी कमर में गंभीर चोट आई थी। उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में उनकी हालत बिगड़ने पर वेंटिलेशन पर रखा गया। Bengali Cinema News
इलाज के दौरान उनके फेफड़ों में समस्या उत्पन्न हुई और उन्हें हृदय संबंधी परेशानी का भी सामना करना पड़ा। पिछले सोमवार को उन्हें एसएसकेएम अस्पताल में स्थानांतरित किया गया था। वहां इलाज के दौरान उनकी किडनी में भी समस्या सामने आई। लगातार बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति के बीच वे वेंटिलेशन पर थे। रविवार सुबह उनका निधन हो गया।
उल्लेखनीय है कि राजा सेन को वर्ष 1997 में प्रसारित टेली-सीरियल ‘सुवर्णलता’ से विशेष पहचान मिली थी। इसके बाद उन्होंने ‘आदर्श हिंदू होटल’, ‘आरोग्य निकेतन’ और ‘देश आमार देश’ जैसे चर्चित धारावाहिकों का निर्देशन किया। बंगाली टेलीविजन जगत में उनके कई कार्यों ने दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई। राजा सेन के निधन से बंगाली मनोरंजन जगत में शोक की गहरी छाया है। Bengali Cinema News