Hisar Crime News: हिसार के गांव तलवंडी रुक्का में स्वतंत्रता दिवस की रात फैली सनसनी!
चारपाई पर सो रहे बुजुर्ग की चाकू से गाेदकरकर दी गई हत्या
Hisar Murder Case: हिसार, (हि.स.)। आजाद नगर थाना क्षेत्र के गांव तलवंडी रुक्का में स्वतंत्रता दिवस की रात एक बुजुर्ग की हत्या से सनसनी फैल गई। करीब 89 वर्षीय महाबीर अपने छोटे बेटे के घर के बाहर चबूतरे पर चारपाई पर सो रहे थे। इसी दौरान बाइक से पहुंचे तीन युवकों ने कथित तौर पर उन पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महाबीर को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों के मुताबिक, वारदात देर रात हुई। Hisar Crime News
बाइक सवार तीन युवक चुपचाप महाबीर के पास पहुंचे और उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने उनके शरीर के कई हिस्सों पर धारदार हथियार से वार किए। बुजुर्ग की चीख सुनकर परिवार के लोग बाहर आए, लेकिन तब तक आरोपी बाइक पर सवार होकर फरार हो चुके थे। घटना के बाद परिजनों ने घायल महाबीर को तत्काल नागरिक अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार, उनके शरीर पर कई गहरे घाव थे और अत्यधिक रक्तस्राव के चलते उनकी मौत हुई।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
हत्या की यह घटना घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में तीन युवकों के बुजुर्ग के पास पहुंचने और हमला करने के बाद बाइक से भागने की बात सामने आई है। पुलिस ने फुटेज को जांच का अहम आधार बनाया है और संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। मृतक के बड़े बेटे बलवान के अनुसार, वह 14 अगस्त को गांव आया था। Hisar Crime News
स्वतंत्रता दिवस की रात परिवार के सदस्य खाना खाने के बाद सो गए थे। बलवान घर की छत पर सो रहा था। देर रात उसे पिता की चीख सुनाई दी। नीचे देखने पर उसने तीन युवकों को महाबीर पर हमला करते देखा। वह तुरंत नीचे पहुंचा, लेकिन तब तक आरोपी मौके से भाग चुके थे। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्य भी घटनास्थल पर पहुंचे और घायल महाबीर को अस्पताल ले गए।
पुरानी रंजिश समेत कई पहलुओं पर जांच
पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका भी जताई जा रही है। जांच में परिवार से जुड़े पुराने विवादों को भी खंगाला जा रहा है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि महाबीर के पोते नरेश ने कुछ महीने पहले रावतखेड़ा गांव की एक युवती से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद नरेश अपनी पत्नी के साथ कहां रह रहा है, इसकी जानकारी परिवार को नहीं है। पुलिस अब इस विवाह से जुड़े किसी संभावित विवाद और हत्या के बीच संबंध की भी जांच कर रही है।
आजाद नगर थाना पुलिस ने तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस CCTV फुटेज के अलावा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल पुलिस हत्या के कारण, हमलावरों की पहचान और संभावित पुरानी रंजिश के संबंध में जांच आगे बढ़ा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों तक पहुंचने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। Hisar Crime News