School Van News: बच्चों को लेकर जा रही स्कूल वैन में स्पार्किंग से लगी आग, जानी नुकसान से बचाव

डेरा श्रद्धालु पाली इन्सां और स्थानीय लोगों ने आग बुझाने में दिया सहयोग

Published On

बठिंडा (सच कहूँ/सुखनाम)। स्कूल में छुट्टी होने के बाद बच्चों को लेकर वापस लौट रही सिल्वर ओक्स स्कूल की वैन में स्पार्किंग के कारण अचानक बीबीवाला रोड पर आग लग गई। ड्राइवर की सूझबूझ के चलते किसी भी तरह के जानी नुकसान से बचाव हो गया। इस मौके पर जानकारी देते हुए डेरा श्रद्धालु पाली इन्सां ने बताया कि वह अपनी दुकान पर काम कर रहे थे। अचानक उन्होंने देखा कि स्कूल वैन से धुआं निकल रहा है। उन्होंने तुरंत ड्राइवर की मदद करते हुए बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने में सहयोग किया। मौके पर बस में रखे तथा स्थानीय रेस्टोरेंट से अग्निशमन यंत्र लाकर आग पर काबू पाया गया। राहगीरों और अन्य दुकानदारों की मदद से वैन के शीशे तोड़कर सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

कुछ ही समय में फायर ब्रिगेड, पीसीआर और सहारा जन सेवा के स्वयंसेवक भी मौके पर पहुंच गए। बच्चों ने बताया कि वैन में अचानक धुआं निकलना शुरू हुआ और फिर तेजी से बढ़ गया। बच्चे घबराकर बस के पिछले हिस्से में चले गए। इस मौके पर घटनास्थल पर पहुंचे पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अमरजीत मेहता ने मदद करने वालों का धन्यवाद करते हुए कहा कि किसी भी बच्चे को खरोंच तक नहीं आई और सभी बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं। बस ड्राइवर नंद लाल ने बताया कि आमतौर पर वैन में 42 बच्चे होते हैं, लेकिन आज 35 बच्चे थे। सभी बच्चे बिल्कुल ठीक हैं। इस अवसर पर समाजसेवी अश्वनी बंटी ने भी डेरा श्रद्धालु और स्थानीय लोगों का मदद करने के लिए धन्यवाद किया। स्कूल की प्रिंसिपल नीलम वर्मा ने भी मदद करने वाले सभी लोगों का तहेदिल से धन्यवाद किया।

 

Bathinda News
Bathinda News: सेवादार पाली इन्सां आग बुझाने संबंधी जानकारी देते हुए।

 

About The Author

Related Posts