‘एक पेड़–एक जिंदगी’ अभियान के तहत प्रताप स्कूल में पर्यावरण संरक्षण की पहल, विद्यार्थियों को बांटे पौधे
प्रताप स्कूल में ‘एक पेड़–एक जिंदगी’ अभियान के तहत विद्यार्थियों को बांटे पौधे
खरखौदा (सच कहूँ न्यूज़)। ‘एक पेड़–एक जिंदगी’ अभियान के तहत प्रताप स्कूल में पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पौधा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्राचार्या दया दहिया ने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के पौधे वितरित किए और उन्हें पौधों की नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया। प्राचार्या ने कहा कि ‘एक पेड़–एक जिंदगी’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी है। पेड़-पौधे हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। वे हमें ऑक्सीजन प्रदान करने के साथ-साथ वायु को शुद्ध करने, तापमान को नियंत्रित करने और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
बढ़ते प्रदूषण और घटते हरित क्षेत्र को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे एक बच्चे की तरह नियमित पानी देना, उसकी सुरक्षा करना और उसके विकास पर ध्यान देना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, शुद्ध वातावरण और स्वस्थ जीवन का आधार बन सकता है। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे अपने घर, विद्यालय और आसपास के क्षेत्र में पौधे लगाएंगे तथा अन्य लोगों को भी पौधारोपण के लिए प्रेरित करेंगे। विद्यार्थियों ने पौधों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।
