Snake News: घर में खेल रहे पांच वर्षीय मासूम को सांप ने डसा, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत
परिवार में मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
औरैया (हि. स.)। मृतक की पहचान दिनेश दिवाकर (5) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, बच्चा शनिवार को घर में खेल रहा था। इसी दौरान उसे जहरीले सांप ने डस लिया। घटना का पता चलते ही परिवार के लोग बच्चे को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना लेकर पहुंचे। Snake News
पिता दवा लेने गए थे डॉक्टर के पास
बताया गया कि जिस समय यह घटना हुई, दिनेश के पिता सतीश दिवाकर बुखार की दवा लेने डॉक्टर के पास गए हुए थे। घर में उसकी मां विभा और बहन रीता मौजूद थीं, जबकि उसका बड़ा भाई बाहर गया हुआ था। सांप के काटने की जानकारी मिलते ही परिजनों ने बिना देर किए बच्चे को अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने तक उसकी हालत काफी गंभीर हो चुकी थी।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों ने बच्चे की जांच की। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी पुलिस को भी दी गई। बिधूना कोतवाली प्रभारी विनेश कुमार ने बताया कि सर्पदंश से बच्चे की मौत का मामला संज्ञान में आया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। Snake News