डबल इंजन की सरकार में कोई भूखा नहीं सोता: कैबिनेट मंत्री
कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा बोले- जिले में 20 लाख लाभार्थियों को हर माह मिल रहा मुफ्त खाद्यान्न
गाजियाबाद (सच कहूँ/रविंद्र सिंह)। Ghaziabad: कविनगर स्थित रामलीला मैदान के जानकी भवन में सोमवार को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री (इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग) सुनील कुमार शर्मा, मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी, मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ, अपर जिलाधिकारी (नगर) विकास कश्यप, जिला सूचना अधिकारी योगेंद्र प्रताप सिंह और जिला आपूर्ति अधिकारी अमित तिवारी मंचासीन रहे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के तहत प्रदेश के उचित दर विक्रेताओं को खाद्यान्न वितरण के एवज में मिलने वाले अतिरिक्त लाभांश में बढ़ोतरी की घोषणा की गई। इसी क्रम में गाजियाबाद के राशन डीलरों का लाभांश 90 रुपये प्रति कुंतल से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति कुंतल किया गया।
20 लाख लाभार्थियों को हर माह मिल रहा लाभ:कैबिनेट मंत्री
कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि डबल इंजन सरकार समाज के हर वर्ग के विकास के लिए संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है। सरकार की योजनाओं के कारण आज कोई भूखा नहीं सोता। उन्होंने कहा कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों तक खाद्यान्न और अन्य आवश्यक सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
गरीब और वंचित को लगातार मिल रहा लाभ: अजीत पाल त्यागी
मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने आमजन के लिए लाभ के साथ-साथ कमाई के नए साधन उपलब्ध कराए हैं। सरकार की योजनाओं से गरीब और वंचित वर्ग को लगातार लाभ मिल रहा है।
556 राशन डीलरों के जरिए हो रहा खाद्यान्न वितरण
जिले में वर्तमान में कुल 556 राशन डीलर हैं। पात्र गृहस्थी योजना के तहत 4,40,831 राशन कार्डों से 19,23,057 यूनिट तथा अंत्योदय अन्न योजना के तहत 8,500 राशन कार्डों से 29,272 यूनिट संचालित हैं। पात्र गृहस्थी योजना में प्रत्येक यूनिट को तीन किलो गेहूं और दो किलो चावल, यानी कुल पांच किलो खाद्यान्न निशुल्क दिया जा रहा है। वहीं अंत्योदय कार्डधारकों को प्रति कार्ड 35 किलो खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाता है। इसके अलावा प्रत्येक तीन माह में प्रति कार्ड तीन किलो चीनी 18 रुपये प्रति किलो की दर से वितरित की जा रही है। जिले में प्रतिमाह करीब 20 लाख लाभार्थी योजनाओं से लाभान्वित हो रहे हैं और लगभग 99 हजार कुंतल खाद्यान्न का निशुल्क वितरण किया जा रहा है।
ई-पॉस से 99.98 प्रतिशत वितरण
जिले में ई-पॉस मशीनों के माध्यम से आधार प्रमाणीकरण के जरिए प्रतिमाह 99.98 प्रतिशत खाद्यान्न का वितरण किया जा रहा है। राशन कार्डों में फीडिंग एवं सीडिंग का कार्य शत-प्रतिशत पूरा होने का दावा किया गया।
90 अन्नपूर्णा भवन होंगे संचालित
गाजियाबाद जिले में वर्तमान में 11 अन्नपूर्णा भवन संचालित हैं, जबकि 79 भवन निर्माणाधीन हैं। इनका निर्माण अगले माह तक पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद जिले में अन्नपूर्णा भवनों की कुल संख्या 90 हो जाएगी। वित्तीय वर्ष 2026-27 में 37 और अन्नपूर्णा भवनों की कार्ययोजना के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। वहीं 15 जनपोषण केंद्र/न्यूट्रिशियन हब संचालित हैं, जहां उचित एवं न्यूनतम मूल्य पर पौष्टिक खाद्य पदार्थ उपलब्ध हैं।
जिले में 122 पेट्रोल पंप और 96 गैस एजेंसियां संचालित
गाजियाबाद जिले में 122 पेट्रोल पंप और 96 गैस एजेंसियां संचालित हैं। गैस एजेंसियों से जुड़े कुल 4,48,334 उपभोक्ता हैं। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत जिले में अब तक 1,07,326 गैस कनेक्शन जारी किए जा चुके हैं। जीरो पॉवर्टी के तहत पात्र परिवारों को निशुल्क उज्ज्वला गैस कनेक्शन देने की प्रक्रिया भी जारी है।
