Welfare Work: बेटी की शादी में जरूरतमंद परिवार का सहारा बने सेवादार
पूज्य गुरु जी की शिक्षाओं से प्रेरित होकर डेरा सच्चा सौदा सेवादारों ने घरेलू जरूरत का सामान भेंट कर पेश की मानवता की मिसाल
हनुमानगढ़ (सच कहूँ/हरदीप सिंह)। सच्चे रूहानी रहबर पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां की पावन शिक्षाओं से प्रेरित होकर डेरा सच्चा सौदा सेवादार समाजसेवी कार्यों में जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए आगे आ रहे हैं। इसी क्रम में ब्लॉक हनुमानगढ़ के सेवादारों ने एक जरूरतमंद परिवार की बेटी की शादी में सहयोग कर मानवता की मिसाल पेश की।
जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर एक, चक 13 एचएमएच, अमरपुरा थेड़ी निवासी गुरमेल सिंह की बेटी रेशमा का विवाह शुक्रवार को निर्धारित था। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण शादी में बेटी को घरेलू जरूरत का सामान भेंट करना उनके लिए मुश्किल था। परिवार ने अपनी स्थिति डेरा सच्चा सौदा सेवादार इन्द्रसेन इन्सां को बताई। इन्द्रसेन इन्सां ने ब्लॉक के सच्चे नम्र सेवादारों और सच्ची सेवा समिति के सेवादारों को परिवार की स्थिति से अवगत कराया। इसके बाद ब्लॉक के जिम्मेवारों, साध-संगत और सेवादारों ने आपसी सहयोग से परिवार की मदद करने का निर्णय लिया। सेवादारों ने बेटी की शादी में भेंट करने के लिए घरेलू जरूरत का सामान एकत्रित किया।
शादी के लिए भेंट किया जरूरत का सामान
गत दिवस सेवादार गुरमेल सिंह के निवास पर पहुंचे और परिवार को शादी के लिए घरेलू सामान भेंट किया। इसमें बैड, गद्दे, सिलाई मशीन, प्रेस, रजाइयां, गद्देले, दरियां, खेस, सूट, बर्तन और गिफ्ट आइटम सहित अन्य घरेलू जरूरत का सामान शामिल था। सामान मिलने पर गुरमेल सिंह के परिवार के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। परिवार ने सेवादारों का आभार जताते हुए उन्हें सेवा की प्रेरणा देने वाले पूज्य गुरु जी का भी धन्यवाद किया। वहीं, मौके पर मौजूद गांव के गणमान्य नागरिकों ने भी सेवादारों के इस सेवा कार्य की सराहना की।
सेवादारों ने मिलकर निभाई जिम्मेदारी
इस सेवा कार्य में सच्चे नम्र सेवादार सुमन कामरा इन्सां, हिमांशु इन्सां, पारुल इन्सां, सुखचन्द इन्सां, सच्ची सेवा समिति के सेवादार सुरेश मरेजा इन्सां, अशोक मदान इन्सां, गौरव छाबड़ा इन्सां, गोपाल डोडा इन्सां, रविन्द्र फतेहगढ़िया इन्सां, ब्लॉक प्रेमी सेवक गिरधारीलाल इन्सां सहित अन्य सेवादारों और साध-संगत का सहयोग रहा। सेवादारों ने कहा कि जरूरतमंद परिवारों की सहायता करना समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का एक माध्यम है। ऐसे सेवा कार्यों से जरूरतमंद परिवारों को संबल मिलता है और समाज में सहयोग व मानवता की भावना मजबूत होती है। Hanumangarh News