घर में घुसकर नकदी और लाखों के जेवरात चोरी, आरोपी फरार
नकदी, सोने का लॉकेट-मंगलसूत्र सहित चांदी के जेवर और मोबाइल फोन चोरी, दस्तावेजों से भरी अटैची भी ले गया
हनुमानगढ़। टाउन थाना क्षेत्र की इन्द्रा कॉलोनी में घर में घुसकर नकदी, सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन और महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरी अटैची चोरी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित कपिल (30) पुत्र सांवरमल शर्मा निवासी गली नंबर 4, वार्ड 31, इंद्रा कॉलोनी ने टाउन पुलिस थाना में रिपोर्ट देकर कोहला निवासी रोहिताश सहारण के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है।
पीड़ित कपिल शर्मा ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उसके पड़ोस में रोहिताश सहारण किराए के मकान में रह रहा था। आरोप है कि 9 अगस्त की रात रोहिताश घर के अंदर घुसा और वहां से 20 हजार रुपए नकद सहित सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गया। वारदात के बाद आरोपी फरार बताया जा रहा है।
रिपोर्ट के अनुसार चोरी हुए सामान में सोने का लॉकेट, सोने का मंगलसूत्र, सोने की कानों की लटकन, चांदी की चैन, चांदी की पातड़ी और चांदी की अंगूठी शामिल हैं। इसके अलावा एक मोबाइल फोन मय चार्जर भी चोरी हुआ है। पीड़ित के अनुसार आरोपी एक अटैची भी ले गया, जिसमें आधार कार्ड, पैन कार्ड, पहचान पत्र, मोटर साइकिल के दस्तावेज, एटीएम कार्ड, विकलांग प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक सहित अन्य जरूरी कागजात रखे हुए थे।
टाउन थाना पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक सोहनलाल को सौंपी गई है। पुलिस आरोपी की तलाश करने के साथ चोरी हुए नकदी, जेवरात, मोबाइल फोन और दस्तावेजों की बरामदगी के प्रयास कर रही है।