Drug Smuggler Arrested: हनुमानगढ़ पुलिस ने नशा तस्करी के आरोप में 9 लोगों को किया गिरफ्तार

भादरा के होटल में 12.69 ग्राम हेरोइन, टाउन में 89.60 ग्राम चिट्टा और नोहर में 1.40 किलो गांजा बरामद, अलग-अलग कार्रवाई में 9 आरोपी गिरफ्तार

Published On

भादरा में पुलिस की दबिश से खुलासा, 12.69 ग्राम हेरोइन बरामद

हनुमानगढ़। भादरा थाना पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस के दौरान होटलों की जांच के अभियान में कार्रवाई करते हुए होटल में कमरा लेकर चिट्टा बेचने की तैयारी कर रहे चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12.69 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है। बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। Hanumangarh News

पुलिस के अनुसार 15 अगस्त को भादरा थाना प्रभारी राधेश्याम मय जाप्ता होटल, सराय, ढाबा, धर्मशाला, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड सहित सार्वजनिक स्थानों पर जांच एवं गश्त कर रहे थे। इसी दौरान कांस्टेबल कुलदीप ने सूचना दी कि राजगढ़ रोड स्थित होटल स्वागतम में बाहर से आए कुछ युवक संदिग्ध परिस्थितियों में कमरा लेकर ठहरे हुए हैं। सूचना पर थाना प्रभारी मय जाप्ता करीब 4.18 बजे होटल पहुंचे। पुलिस ने संदिग्ध गतिविधि की आशंका और तलाशी वारंट लेने में लगने वाले समय को देखते हुए बीएनएसएस की धारा 103 के तहत तलाशी की कार्रवाई शुरू की।

पुलिस टीम होटल की पहली मंजिल पर कमरा नंबर 105 में पहुंची। कमरा अंदर से बंद था। दरवाजा खुलवाने पर अंदर चार युवक मिले, जो पुलिस को देखकर घबरा गए और धक्का-मुक्की कर भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने चारों को काबू कर पूछताछ की। युवकों की पहचान राधेश्याम (24) पुत्र भंवरलाल रैगर निवासी सोनड़ी पीएस नोहर, संजय (25) पुत्र मगाराम मेघवाल निवासी सोनड़ी पीएस नोहर, मनीष कुमार (20) पुत्र समुन्द्र सिंह वाल्मीकि निवासी भोगराना पीएस नोहर तथा अनहार उर्फ अनु (26) पुत्र इस्पाक कायमखानी निवासी वार्ड नंबर 12, पानी की टंकी के पास, कायमखानी बास, भादरा के रूप में हुई। तलाशी के दौरान राधेश्याम की पैंट की दाहिनी जेब में जिपर लगी पारदर्शी प्लास्टिक की थैली मिली। Hanumangarh News

इसमें 12.69 ग्राम हेरोइन पाई गई। पुलिस ने हेरोइन को कब्जे में लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में चारों आरोपियों ने बताया कि वे चिट्टा भादरा में बेचने के लिए होटल में रुके थे। उनके अनुसार यह चिट्टा उन्होंने 14 अगस्त को सलीम पड़िहार निवासी बास, तहसील नोहर से खरीदा था। आरोपियों ने पुलिस को सलीम का मोबाइल नंबर भी बताया तथा दावा किया कि राधेश्याम को चारों ने मिलकर 50 हजार रुपए दिए थे, जिससे वह चिट्टा खरीदकर लाया था। पूछताछ में कुछ चिट्टा इस्तेमाल करने की बात भी सामने आई। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

होटल रजिस्टर भी जब्त, सीसीटीवी बंद मिला

पुलिस ने होटल के रिसेप्शन पर रखे यात्री रजिस्टर की जांच की। रजिस्टर में क्रमांक 78 पर राधेश्याम और संजय के नाम से कमरा नंबर 105 बुक होना पाया गया, जिसमें चार व्यक्तियों की एंट्री और चारों आरोपियों के हस्ताक्षर दर्ज थे। रजिस्टर के अनुसार चारों 15 अगस्त को अपराह्न करीब 3.30 बजे होटल पहुंचे थे। पुलिस ने होटल का सीसीटीवी कैमरा चैक करना चाहा तो वह बंद मिला। पुलिस ने यात्री रजिस्टर को भी वजह सबूत के तौर पर जब्त कर लिया। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रकरण का अनुसंधान फेफाना थाना प्रभारी उप निरीक्षक नरेंद्र कुमार को सौंपा गया है। पुलिस अब चिट्टे की खरीद के स्रोत, सप्लायर और आगे की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी राधेश्याम, कांस्टेबल संजय, कुलदीप और आजाद शामिल रहे। Hanumangarh News

1.40 किलो गांजे के साथ युवक गिरफ्तार

हनुमानगढ़। नोहर थाना पुलिस ने मादक पदार्थांे की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रीको एरिया में एक युवक को 1 किलो 400 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पुलिस की सरकारी गाड़ी को देखकर अचानक सड़क से नीचे उतरकर दीवार फांदने का प्रयास करने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने उसे घेराबंदी कर मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास लाल रंग के कपड़े के थैले में छिपाकर रखा गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार नोहर थाना के उप निरीक्षक पृथ्वी सिंह नरूका मय जाप्ता क्षेत्र में गश्त के लिए रवाना हुए थे। दोपहर करीब 2.05 बजे पुलिस टीम रीको एरिया पहुंची। इसी दौरान सड़क पर सामने से पैदल आ रहा एक युवक पुलिस की सरकारी बोलेरो को देखकर अचानक सड़क से नीचे उतरकर पास की दीवार फांदने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने संदेह के आधार पर घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया।

पूछताछ में उसने अपना नाम भंवरलाल (21) पुत्र हंसराज गुसाईं निवासी वार्ड नंबर 17, सिंधी बाजार, नोहर बताया। पुलिस ने युवक के पास मौजूद लाल रंग के कपड़े के थैले की तलाशी ली तो उसके अंदर लाल रंग की पॉलीथिन मिली। पॉलीथिन के अंदर 1 किलो 400 ग्राम गांजा (कैनाबिस) पाया गया। पुलिस ने गांजे को कब्जे में लेकर आरोपी को गांजा रखने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर अनुसंधान उच्चाधिकारियों के निर्देश पर नोहर थाना प्रभारी जगदीश प्रसाद पाण्डर को सौंपा गया है। पुलिस अब आरोपी से गांजे की खरीद के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और इसे आगे कहां पहुंचाया जाना था, इस संबंध में पूछताछ कर रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक पृथ्वी सिंह नरूका, हेड कांस्टेबल आत्माराम, कांस्टेबल मनीष, सुभाष और रामहरि शामिल रहे। Hanumangarh News

लाखों के चिट्टे के साथ कार सवार चार तस्कर गिरफ्तार

हनुमानगढ़। टाउन थाना पुलिस ने रविवार देर रात्रि को गुरुसर-कोहला रोड पर गश्त के दौरान कार्रवाई करते हुए कार सवार चार जनों को चिट्टा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 89.60 ग्राम चिट्टा बरामद किया, जिसकी कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया। चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार टाउन थाने के उप निरीक्षक सुशील कुमार मय जाप्ता रविवार देर रात्रि को गुरुसर-कोहला रोड पर गश्त कर रहे थे। इस दौरान पुलिस को एक संदिग्ध कार नंबर डीएल 8 सी एए 1365 नजर आई, जिसे रुकवाकर तलाशी ली गई। कार में चार युवक सवार थे।

तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 89.60 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने चिट्टे के साथ कार को जब्त कर लिया। कार सवारों की पहचान कुलदीप सिंह (34) पुत्र जगजीत सिंह और जसविंद्र सिंह उर्फ जस्सा (35) पुत्र बंतसिंह दोनों निवासी चौके पीएस सदर रामपुरा फूल जिला बठिंडा, पंजाब, साहिल बिश्नोई (29) पुत्र ओमप्रकाश बिश्नोई निवासी 2 एसएसडब्ल्यू, ग्राम पंचायत झांबर पीएस हनुमानगढ़ टाउन तथा वरुण कुमार (35) पुत्र रतनलाल मेघवाल निवासी वार्ड दो, गांव मानकसर पीएस संगरिया के रूप में हुई। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर चिट्टा एवं तस्करी में प्रयुक्त कार जब्त कर ली। पुलिस अब आरोपियों से चिट्टे की खरीद-फरोख्त, सप्लाई नेटवर्क और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है। मामले की जांच सदर थाना प्रभारी राजीव रॉयल कर रहे हैं। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts