बाबा साहेब डॉ. आंबेडकर का बोर्ड तोड़कर ले गए अज्ञात
पोहड़का गांव में अंबेडकर भवन के पास हुई वारदात, सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने का आरोप
हनुमानगढ़। रावतसर थाना क्षेत्र के पोहड़का गांव में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के नाम से लगाए गए बोर्ड को अज्ञात लोग तोड़कर ले गए। घटना 15 अगस्त की रात की बताई जा रही है। मामले को लेकर पोहड़का के वार्ड 5 निवासी विकास मेघवाल (26) हुकमाराम मेघवाल ने रावतसर पुलिस थाना में रिपोर्ट देकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। Hanumangarh News
पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिवादी विकास मेघवाल ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि पोहड़का गांव में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के नाम से अंबेडकर भवन की जगह पर एक बोर्ड लगाया गया था। आरोप है कि 15 अगस्त की रात अज्ञात व्यक्तियों ने उक्त बोर्ड को तोड़ दिया और उसे उखाड़कर अपने साथ ले गए। परिवादी ने बताया कि वह अनुसूचित जाति समुदाय से है और बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर को मानने वाला है। बोर्ड तोड़कर ले जाने की घटना से उसकी भावनाएं आहत हुई हैं।
रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि अज्ञात आरोपियों ने इस तरह की वारदात कर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का गंभीर प्रयास किया है। विकास मेघवाल ने पुलिस से बोर्ड तोड़कर ले जाने वाले आरोपियों का पता लगाकर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा चोरी किया गया बोर्ड बरामद करने की मांग की। रावतसर थाना पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले का अनुसंधान धन्नासर पुलिस चौकी प्रभारी सहायक उप निरीक्षक सहीराम को सौंपा गया है। पुलिस अब घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों एवं अन्य माध्यमों से अज्ञात आरोपियों की पहचान के प्रयास कर रही है। Hanumangarh News