राष्ट्रीय पर्व देश के प्रति अपने कर्तव्यों और नैतिक जिम्मेदारियों का अवसर: रविंद्र मांदड़
कलेक्ट्रेट में गूंजा राष्ट्रप्रेम, डीएम ने फहराया तिरंगा; 8 लाख घरों में लहराया राष्ट्रीय ध्वज
गाजियाबाद (सच कहूँ/रविंद्र सिंह)। Ghaziabad News: कलेक्ट्रेट परिसर में 80 वां स्वतंत्रता दिवस का समारोह इस बार विशेष उत्साह और राष्ट्रभक्ति के माहौल में मनाया गया। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने सुबह आठ बजे ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के बाद सुशीला बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने ‘वंदे मातरम्’ की मनमोहक प्रस्तुति दी। समारोह में विद्यार्थियों, एनसीसी, स्काउट-गाइड, सिविल डिफेंस वार्डनों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिभागियों ने देशभक्ति का जोश भर दिया। इस अवसर पर जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने स्वतंत्रता सेनानियों, क्रांतिकारियों और देश के लिए बलिदान देने वाले महापुरुषों को नमन करते हुए नागरिकों से विकसित, स्वच्छ, स्वस्थ, समृद्ध और खुशहाल भारत के निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्व केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों और नैतिक जिम्मेदारियों को याद करने का भी दिन है।
जनसमस्याओं का संवेदनशील निस्तारण ही जनसेवा:मांदड़
डीएम श्री मांदड़ ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि अपनी समस्या लेकर आने वाले प्रत्येक नागरिक, पीड़ित और शिकायतकर्ता की बात संवेदनशीलता एवं धैर्य से सुनी जाए। समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसेवा केवल सरकारी कर्मचारियों का कर्तव्य नहीं, बल्कि समाज के प्रति महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। जरूरतमंदों तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सभी की नैतिक जिम्मेदारी है।
पर्यावरण और जल संरक्षण राष्ट्र निर्माण के महत्वपूर्ण आधार:डीएम
जिलाधिकारी श्री मांदड़ ने कहा कि पर्यावरण और जल संरक्षण राष्ट्र निर्माण के महत्वपूर्ण आधार हैं। बढ़ते प्रदूषण, गिरते भूजल स्तर और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक नागरिक को जल का विवेकपूर्ण उपयोग, वर्षा जल संचयन और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए आगे आना होगा। उन्होंने ‘एक पेड़ देश के नाम’ अभियान के तहत अधिकाधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। स्वतंत्रता दिवस पर जिलाधिकारी, उनकी धर्मपत्नी कविता मीना, बच्चों, सीडीओ कुमार सौरभ सहित अधिकारियों ने कलेक्ट्रेट परिसर में पौधारोपण भी किया।
मेधावियों और सिविल डिफेंस वार्डनों का सम्मान
समारोह में गुरुनानक स्कूल की बैंड प्रस्तुति, केडीबी स्कूल के देशभक्ति गीत और नींव शक्ति संस्था के मूक-बधिर एवं दिव्यांग बच्चों की प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों, सिविल डिफेंस वार्डनों और खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
लक्ष्य छह लाख, करीब आठ लाख स्थानों पर लहराया तिरंगा
कार्यक्रम में बताया गया कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जिले में छह लाख घरों, संस्थानों और कार्यालयों में ध्वजारोहण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके सापेक्ष करीब आठ लाख घरों, संस्थानों एवं कार्यालयों में तिरंगा फहराया गया, जो जनभागीदारी और राष्ट्रभक्ति की भावना को दर्शाता है।
राष्ट्रिय पर्व कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में एडीएम सिटी विकास कश्यप, एडीएम एफ/आर अंजनी कुमार सिंह, एडीएम ई ज्योति मौर्य, एडीएम जे अंजली गंगवार, सिटी मजिस्ट्रेट सतीश चंद्र तिवारी, सीटीओ पुष्पांजलि, डीआईओएस बुद्ध प्रिय सिंह, बीएसए ओपी यादव, जिला सूचना अधिकारी वाईपी सिंह, चीफ वार्डन सिविल डिफेंस ललित जायसवाल सहित अनेक अधिकारी, विद्यार्थी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी को मिष्ठान वितरित किया गया। कार्यक्रम के उपरांत जिलाधिकारी श्री मांदड़ ने विजय नगर स्थित रक्षा भूमि के पास ‘एक पेड़ देश के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया।
3.jpg)