मुठभेड़: पुलिस पर फायरिंग कर भागे बदमाश, जवाबी गोलीबारी से एक घायल 

स्कूटी गिरते ही खेतों में दौड़े, पीछे बैठे बदमाश ने तमंचे से झोंका फायर; पुलिस ने दोनों को दबोचा

Published On

गाजियाबाद (सच कहूँ/रविंद्र सिंह)। Ghaziabad News: जनपद गाजियाबाद के मोदीनगर क्षेत्र में  निवाड़ी रोड पर शुक्रवार देर रात चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाश आमने-सामने आ गए। पुलिस को देखते ही स्कूटी सवार दो बदमाश भागने लगे। स्कूटी अनियंत्रित होकर गिरने के बाद दोनों खेतों की ओर दौड़े। पुलिस टीम ने पीछा किया तो पीछे चल रहे बदमाश ने तमंचा निकालकर फायर झोंक दिया। पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में जवाबी गोली चलाई, जो एक बदमाश के बाएं पैर में जा लगी। गोली लगते ही बदमाश लड़खड़ाकर गिर पड़ा और पुलिस ने मौके पर ही दोनों को दबोच लिया।

सहायक पुलिस आयुक्त मोदीनगर भास्कर वर्मा के मुताबिक, 14 अगस्त की देर रात निवाड़ी रोड पर पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान स्कूटी पर सवार दो संदिग्ध पुलिस के सामने आए। रुकने का इशारा मिलते ही उन्होंने स्कूटी वापस मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन कुछ दूर जाकर स्कूटी फिसल गई। स्कूटी गिरते ही दोनों बदमाश खेतों में भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो पीछे बैठे बदमाश ने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग कर दी। पुलिस ने खुद को बचाते हुए जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान एक बदमाश जैनुल के बाएं पैर में गोली लगी, जबकि पुलिस ने उसके साथी साहिद को भी मौके से दबोच लिया। घायल जैनुल को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया।

चेन लूट के 78 हजार रुपये बरामद

पुलिस पूछताछ में दोनों की पहचान जैनुल और साहिद, निवासी लिसाड़ी रोड, मेरठ के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, दोनों ने 2 अगस्त को निवाड़ी रोड चौकी क्षेत्र में एक महिला से चेन लूटने की वारदात कबूल की है। पुलिस ने उनके कब्जे से चेन बेचकर मिले 78 हजार रुपये, एक स्कूटी, 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों के खिलाफ मेरठ में छह से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। अब पुलिस इनके आपराधिक नेटवर्क और अन्य लूट व चोरी की वारदातों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Ghaziabad News (2)

About The Author

Related Posts