मंडल स्तरीय कुश्ती में शिखर शिक्षा सदन के तीन विद्यार्थी बने विजेता, राज्य स्तर के लिए चयन
मीरांपुर के तीन खिलाड़ियों ने जीती मंडल स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता, राज्य स्तर के लिए हुआ चयन
मीरांपुर (सच कहूँ/कोमल कुमार)। Mirapur News: शिखर शिक्षा सदन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, मीरांपुर के तीन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने मंडल स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर आरव, अक्षित मून और काव्य शर्मा का चयन राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए हुआ है। तीनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष और उत्साह का माहौल है।
इस अवसर पर सनातन धर्म इंटर कॉलेज, मीरांपुर के प्रबंधक एवं एडवोकेट सिद्धार्थ राजवंशी ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित तीनों खिलाड़ियों को पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेलों में सफलता के लिए प्रतिभा के साथ अनुशासन, नियमित अभ्यास, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प जरूरी है। उन्होंने कहा कि तीनों खिलाड़ियों का राज्य स्तर के लिए चयन पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
विद्यालय के चेयरमैन सुशील कुमार शर्मा ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि कुश्ती जैसे चुनौतीपूर्ण खेल में सफलता हासिल करना उनकी मेहनत और लगन का परिणाम है। विद्यालय के निदेशक राजेश शर्मा ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और तीनों खिलाड़ियों की सफलता उनके निरंतर अभ्यास तथा प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है।
विद्यालय की प्रबंधिका शिखा शर्मा ने तीनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायी है। वहीं प्रधानाचार्या शालिनी रॉय ने कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों को खेलों में आगे बढ़ने के लिए लगातार प्रोत्साहित करता है।
