कार सवार युवकों से नशे में इस्तेमाल होने वाली प्रतिबंधित दवाओं की खेप बरामद
3200 टैपेंटाडोल टैबलेट और 4400 प्रेगाबालिन कैप्सूल जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार
हनुमानगढ़। टाउन थाना पुलिस ने रविवार रात मेगा हाइवे रोड पर शेरगढ़ के पास नाकाबंदी के दौरान कार सवार तीन युवकों के कब्जे से नशे में इस्तेमाल होने वाली प्रतिबंधित दवाओं की खेप बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3200 टैपेंटाडोल हाइड्रोक्लोराइड टैबलेट, 4400 प्रेगाबालिन कैप्सूल तथा 81 हजार 900 रुपए की बिक्री राशि बरामद कर कार को भी जब्त किया है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ बीएनएस की धारा 223 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार एएसआई राजाराम स्वामी मय टीम मेगा हाइवे रोड पर शेरगढ़ के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान एक कार को रुकवाकर तलाशी ली गई तो उसमें बड़ी मात्रा में नशीली दवाएं मिलीं।
पुलिस ने कार से प्रेगाबालिन कैप्सूल आईपी 300 के कुल 400 पत्ते बरामद किए, जिनमें 4400 कैप्सूल थे। इसके अलावा टैपेंटाडोल हाइड्रोक्लोराइड टैबलेट के 320 पत्ते मिले, जिनमें कुल 3200 टैबलेट थीं। पुलिस ने दवाओं की बिक्री से प्राप्त 81 हजार 900 रुपए की राशि भी जब्त की।
पुलिस ने मौके से योगेश (29) पुत्र कृष्णलाल मेघवाल निवासी वार्ड छह, गांव कोहला, विनोद कुमार (31) पुत्र जगदीश मेघवाल तथा श्रवण सिंह (29) पुत्र महेंद्र सिंह, दोनों निवासी दूधवाल कॉलोनी, वार्ड 28, हनुमानगढ़ टाउन को गिरफ्तार किया। पुलिस आरोपियों से प्रतिबंधित दवाओं की खरीद-फरोख्त के संबंध में पूछताछ कर रही है। मामले की जांच एएसआई रामकुमार की ओर से की जा रही है। Hanumangarh News