शहीदों को नमन, परिजनों का सम्मान; मंत्री बोले- राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका अहम

स्वतंत्रता दिवस पर शहीद स्मारक में श्रद्धांजलि समारोह, कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा ने किया ध्वजारोहण; डीएम ने देश के नाम पौधा लगाने का किया आह्वान

Published On

गाजियाबाद (सच कहूँ/रविंद्र सिंह)। Ghaziabad News: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से शहीद स्मारक स्थल पर श्रद्धांजलि एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा, जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़,नगरायुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक,सीडीओ कुमार सौरभ  सहित अधिकारियों ने शहीद स्मारक पहुंचकर अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर उनके अद्वितीय बलिदान को नमन किया। कैबिनेट मंत्री ने ध्वजारोहण किया, जिसके बाद उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया। समारोह में स्वतंत्रता संग्राम और देश की रक्षा के लिए प्राण न्योछावर करने वाले वीर सपूतों के योगदान को कृतज्ञता के साथ याद किया गया। मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा, जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक और मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने शहीद सैनिकों के परिजनों को शॉल एवं मिष्ठान भेंट कर सम्मानित किया।

जेन-जी देश का भविष्य, उचित मार्गदर्शन जरूरी: सुनील कुमार शर्मा 

कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि जेन-जी देश का भविष्य है। यही पीढ़ी आगे चलकर देश की राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक व्यवस्था का नेतृत्व करेगी। ऐसे में युवाओं को उचित मार्गदर्शन देकर राष्ट्र निर्माण के लिए तैयार करना जरूरी है। उन्होंने युवाओं को उत्पादन, नवाचार और तकनीकी प्रगति के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया।उन्होंने कहा कि मजबूत अर्थव्यवस्था राष्ट्र के समग्र विकास का आधार है। उत्पादन बढ़ाने और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। भविष्य की चुनौतियों का सामना एकजुट होकर करते हुए प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों और दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करना चाहिए।

देश के नाम एक पौधा लगाएं: डीएम

जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस प्रत्येक देशवासी के लिए गौरव और उत्साह का अवसर है। इस पावन अवसर पर प्रत्येक नागरिक को देश के नाम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। इससे पर्यावरण के साथ जल संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।उन्होंने कहा कि वीर शहीदों ने देश की स्वतंत्रता के लिए जो त्याग और बलिदान दिया, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके सपनों को साकार करने के लिए प्रत्येक नागरिक को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। यही अमर शहीदों और उनके परिवारों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कार्यक्रम के अंत में नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कैबिनेट मंत्री, अधिकारियों, सिविल डिफेंस के कार्यकर्ताओं और शहीद परिवारों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर एडीएम सिटी विकास कश्यप, सिटी मजिस्ट्रेट सतीश चंद्र त्रिपाठी, सीडीओ कुमार सौरभ सीएमओ डॉ. सचिन चंद्र वैश्य,अपर नगर आयुक्त अवनींद्र सिंह, डॉ अनुज सिंह, निगम मुख्य अभियंता एनके चौधरी , जिला सूचना अधिकारी योगेंद्र प्रताप सिंह, एसीएमओ डॉ. अमित विक्रम सहित अनेक अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Ghaziabad News

About The Author

Related Posts