शिक्षा और रोजगार
मौसम का महाअलर्ट: यूपी-दिल्ली समेत कई राज्यों में भारी बारिश के आसार, उत्तराखंड में बहुत भारी बारिश की चेतावनी
IMD ने 14 से 17 अगस्त तक कई राज्यों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया, पहाड़ी क्षेत्रों में सतर्कता की सलाह
IMD Weather Alert: अनु सैनी (सच कहूँ) मुजफ्फरनगर। देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 14 अगस्त को जारी ताजा मौसम पूर्वानुमान में उत्तर भारत के कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा और पहाड़ी राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट :
IMD के अनुसार 14 अगस्त को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। 15 अगस्त को भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है, जबकि 16 और 17 अगस्त को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। IMD ने दिल्ली-हरियाणा क्षेत्र में 14 और 15 अगस्त को भारी बारिश की चेतावनी दी है। पंजाब में भी इन दोनों दिनों के दौरान भारी बारिश के आसार हैं।
उत्तराखंड में 17 अगस्त तक सतर्कता:
उत्तराखंड में मौसम को लेकर विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। IMD ने 14 से 17 अगस्त के दौरान राज्य में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश के चलते भूस्खलन और अचानक जलस्तर बढ़ने जैसी परिस्थितियों का खतरा बढ़ सकता है। पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा में बरतें सावधानी मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए पहाड़ी क्षेत्रों में जाने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
खराब मौसम के दौरान नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के आसपास जाने से बचना चाहिए। स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग की ओर से जारी ताजा चेतावनियों पर नजर रखना जरूरी है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में उत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। ऐसे में लोगों को मौसम की स्थिति देखकर ही यात्रा की योजना बनाने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी गई है।