अधेड़ की गला कटने से मौत, प्रथम दृष्टया आत्महत्या मान रही पुलिस

घर में खून से लथपथ मिला शव, एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

Published On

हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। Hanumangarh News: गोलूवाला थाना क्षेत्र के हरदयालपुरा गांव में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब घर के अंदर एक 50 वर्षीय व्यक्ति का शव खून से लथपथ हालत में मिला। मृतक की पहचान धनपत पुत्र बालूराम मेघवाल निवासी हरदयालपुरा के रूप में हुई है। उसके गले पर धारदार हथियार से चोट के निशान मिले हैं। घटना की सूचना मिलने पर गोलूवाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। डीएसपी मीनाक्षी सहारण, थाना प्रभारी रजनदीप कौर और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को गोलूवाला के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।

डीएसपी मीनाक्षी सहारण ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने बताया कि परिजन धनपत को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने मृतक की पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों से पूछताछ की है। पुलिस घटना से जुड़े प्रत्येक पहलू की जांच कर रही है।

होम लोन को लेकर दबाव की बात आई सामने

पुलिस के अनुसार परिजनों की ओर से होम लोन कंपनी के खिलाफ भी रिपोर्ट दी गई है। परिजनों का आरोप है कि होम लोन चुकाने को लेकर फाइनेंस कंपनी की ओर से दबाव बनाया जा रहा था और उन्हें परेशान किया जा रहा था। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है। घर के अंदर हुई धनपत की मौत से गांव में सनसनी फैल गई। फिलहाल पुलिस आत्महत्या, दुर्घटना अथवा अन्य किसी संभावना को लेकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

 

About The Author

Related Posts