नाले में फंसे गोवंश को डेरा श्रद्धालुओं ने घंटेभर के अभियान के बाद बचाया
शाह सतनाम जी ग्रीन एस वेलफेयर कमेटी के सेवादारों ने नाले में फंसे गोवंश को बचाया
अंबाला/अंबाला कैंट (सच कहूँ/कंवरपाल)। Ambala News: महेश नगर स्थित गुरुनानक नगर इलाके में मंगलवार रात करीब 10 बजे एक गोवंश संकरे और गहरे नाले में जा गिरा। घटना की सूचना मिलते ही डेरा सच्चा सौदा की शाह सतनाम जी ग्रीन एस वेलफेयर कमेटी के सेवादार तत्काल मौके पर पहुंचे और रस्सियों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। नाले में गहराई और कीचड़ भरा दलदल होने के कारण गोवंश को बाहर निकालना आसान नहीं था।
ब्लॉक समिति सदस्य रामरतन इन्सां के नेतृत्व में सतीशइन्सां, विशाल इन्सां, गुरप्रीत इन्सां, प्रकाश इन्सां, गुरवंश इन्सां और मनीष इन्सां सहित छह सेवादारों ने टॉर्च की रोशनी में लगभग एक घंटे तक मशक्कत की। सावधानीपूर्वक रस्सियां बांधकर पशु को बिना किसी चोट के सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। स्थानीय निवासियों ने बताया कि इलाके के खुले और असुरक्षित नालों में इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से नालों की बाड़बंदी और नियमित सफाई की मांग दोहराई, ताकि भविष्य में मूक पशुओं के साथ ऐसी दुर्घटनाएं दोबारा न हों।