Haryana Roadways News: एक माह में लॉन्च होगी हरियाणा रोडवेज की ऐप, लाइव दिखेगी बस की लोकेशन 

जल्द ही 700 नए कंडक्टरों की होगी भर्ती

Published On

चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। Haryana Roadways News: हरियाणा रोडवेज में सफर करने वाले यात्रियों के लिए सरकार जल्द कई नई सुविधाएं शुरू करने जा रही है। परिवहन मंत्री अनिल विज ने मंगलवार को विभाग की समीक्षा बैठक में बताया कि अगले एक महीने में रोडवेज का मोबाइल ऐप शुरू किया जाएगा। इस ऐप के जरिए यात्री बस की लाइव लोकेशन, किराया और बस के बस स्टॉप या अड्डे पर पहुंचने का समय देख सकेंगे। इसके अलावा 700 नए कंडक्टरों की भर्ती और 500 इलेक्ट्रिक बसें खरीदने का फैसला भी लिया गया है।

नया मोबाइल ऐप हिंदी, अंग्रेजी और पंजाबी तीनों भाषाओं में उपलब्ध होगा। यह एंड्रायड और आईओएस दोनों मोबाइल पर चलेगा। यात्री ऐप पर बस की लाइव लोकेशन देख सकेंगे और पता कर सकेंगे कि उनकी बस कब पहुंचने वाली है। अलग-अलग स्थानों के बीच बस का किराया भी ऐप पर आसानी से देखा जा सकेगा।

डिजिटल क्यूआर कोड और कार्ड की सुविधा भी मिलेगी: ऐप के जरिए यात्रियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाली यात्रा सुविधाओं की जानकारी भी मिल सकेगी। डिजिटल क्यूआर कोड और कार्ड जैसी सुविधाएं भी इसमें जोड़ी जाएंगी। परिवहन मंत्री ने अधिकारियों को ऐप में जरूरी बदलाव कर जल्द इसका ट्रायल शुरू करने के निर्देश दिए हैं।खाली होने वाले पद भरे जाएंगे: परिवहन विभाग में करीब 700 कंडक्टरों को पदोन्नति दी जानी है। इसके बाद खाली होने वाले पदों पर 700 नए कंडक्टरों की भर्ती की जाएगी। मंत्री ने अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए हैं।  राज्य में 500 इलेक्ट्रिक बसें खरीदने की योजना है। इनका उद्देश्य प्रदूषण कम करना और पर्यावरण के अनुकूल सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देना है। इसके साथ ही हरियाणा रोडवेज इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन के माध्यम से 125 सामान्य बसें भी तैयार की जा रही हैं। रोडवेज की सभी बसों में जीपीएस लगाया जाएगा। इससे अधिकारियों को बसों की लोकेशन की जानकारी मिलती रहेगी और बसों के संचालन पर बेहतर नजर रखी जा सकेगी। बसों के समय पर संचालन में भी इससे मदद मिलेगी।

Haryana Roadways News

About The Author

Related Posts