बरसीन में पुलिस की तेज रफ्तार बोलेरो ने नई स्कॉर्पियो को मारी टक्कर, 2 घायल
ब्रेकर के पास खड़ी थी गाड़ी, टक्कर के बाद दोनों वाहन मकान के चबूतरे पर चढ़े
फतेहाबाद (सच कहूँ/विनोद कुमार शर्मा)। Fatehabad News: गांव बरसीन के सरकारी स्कूल के सामने मंगलवार को एक सड़क हादसे में पुलिस की सरकारी बोलेरो ने सड़क किनारे खड़ी नई स्कॉर्पियो को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और घिसटते हुए सड़क किनारे स्थित एक मकान के चबूतरे पर जा चढ़े। हादसे में स्कॉर्पियो का चालक घायल हो गया, जिसे राहगीरों की मदद से उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार सरवरपुर निवासी 28 वर्षीय सज्जन कुमार अपनी नई काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार होकर चौबारा गांव में रिश्तेदारी में जा रहा था। बरसीन बस स्टैंड के पास उसने परचून की दुकान के समीप फल खरीदने के लिए गाड़ी सड़क किनारे रोक दी। फल खरीदने के बाद वह गाड़ी में बैठने लगा, तभी पीछे से आ रही पुलिस की बोलेरो ने उसकी स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सज्जन कुमार गाड़ी का दरवाजा खोलकर अंदर बैठ ही रहा था कि पीछे से अचानक तेज टक्कर हो गई। जोरदार झटके के कारण वह घायल हो गया। बताया जा रहा है कि गाड़ी के दरवाजे की चपेट में आने से उसके हाथ में गंभीर चोट लगी।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस की बोलेरो नंबर ऌफ-24-ॠश्-5393 में चालक हरजीत सिंह, सिपाही सुरेंद्र तथा वीरेंद्र सवार थे। पुलिसकर्मी सिरसा स्थित जिला मालखाना से सामान लेकर एफएसएल मधुबन में जमा करवाने के लिए जा रहे थे। करीब 11:50 बजे बरसींन गांव के सरकारी स्कूल के सामने बने ब्रेकर के पास यह हादसा हुआ।
हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़
टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंच गए। घायल युवक को लोगों ने संभाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। हादसे की सूचना मिलने पर फतेहाबाद पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
