आरोपी चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज, डंपर ने बर्तन व्यापारी को मारी थी टक्कर
आरोपी चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज, डंपर ने बर्तन व्यापारी को मारी थी टक्कर
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: डंफर से बर्तन व्यापारी को टक्कर मारने के आरोप में पुलिस ने चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। कांधला थानाक्षेत्र के गांव खन्द्रावली निवासी मेहरबान ने कोतवाली कैराना पर मुकदमा दर्ज कराया है। बताया कि उसके पुत्र बिलाल ने कैराना कस्बे के मोहल्ला बेगमपुरा में बर्तनों की एक दुकान कर रखी है, जिससे वह अपना और परिवार का पालन-पोषण कर रहा है। विगत 12 अगस्त प्रातः करीब 11:00 बजे उसका पुत्र बिलाल अपनी बाइक से दुकान के किसी काम के लिए शामली जा रहा था।
जैसे ही वह कस्बे के शामली बाईपास पर स्थित अंडरपास के नीचे बनी जहानपुरा पुलिस चौकी के आगे निकलकर राजबाहे की पुलिया के निकट पहुँचा, तभी गलत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार रेत के डंपर ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में उसका पुत्र बिलाल गम्भीर रूप से घायल हो गया और उसकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना पाकर चौकी पर मौजूद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तथा उसके घायल पुत्र को उपचार हेतु शामली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गम्भीर होने पर चिकित्सक ने उसके पुत्र को हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया था। पीड़ित ने आरोपी चालक के विरुद्ध सख्त कार्यवाही किये जाने की मांग की है। वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।