Admissions: आईटीआई बसताडा में दाखिले का फिर मौका, 14 अगस्त से ऑनलाइन आवेदन शुरू
17 अगस्त से ऑन-द-स्पॉट प्रवेश भी शुरू, इलेक्ट्रिशियन से लेकर सोलर टेक्नीशियन तक रोजगारपरक ट्रेडों में प्रशिक्षण का अवसर
घरौंडा (सच कहूँ न्यूज़)। Gharaunda News: राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बसताडा में सत्र 2026-27 के लिए दाखिले का एक और अवसर दिया गया है। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग हरियाणा के नए दिशा-निर्देशों के तहत नए विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन पोर्टल बीती 14 अगस्त से दोबारा खोल दिया गया है। वहीं प्रदेश के सभी सरकारी और निजी आईटीआई में 17 अगस्त से मौके पर दाखिले की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।
जिन विद्यार्थियों ने पहले ऑनलाइन पंजीकरण नहीं कराया है, वे निर्धारित पात्रता और प्रवेश नियमों के अनुसार ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। राजकीय आईटीआई बसताडा में भी विद्यार्थी मौके पर पहुंचकर ऑन-द-स्पॉट दाखिले का लाभ ले सकते हैं। संस्थान में उद्योगों की जरूरत के अनुसार रोजगारपरक तकनीकी ट्रेडों में प्रशिक्षण दिया जाता है।
यहां इलेक्ट्रिशियन, फिटर, वेल्डर, वायरमैन, रेफ्रिजरेशन एवं एयर कंडीशनिंग तकनीशियन, कंप्यूटर ऑपरेटर एवं प्रोग्रामिंग असिस्टेंट, प्लंबर, मैकेनिकल ड्राफ्ट्समैन, ड्रेस मेकिंग, वृद्धजन देखभाल, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता निरीक्षक, फिजियोथेरेपी तकनीशियन तथा सोलर तकनीशियन (इलेक्ट्रिकल) जैसे ट्रेड उपलब्ध हैं।
प्रधानाचार्य सत्येन्द्र सिंह फोर ने बताया कि आईटीआई प्रशिक्षण विद्यार्थियों को व्यावहारिक और तकनीकी कौशल देकर रोजगार के लिए तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि आज केवल शैक्षणिक योग्यता पर्याप्त नहीं है। तकनीकी दक्षता और व्यावहारिक कौशल भी भविष्य के लिए जरूरी हैं। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को अनुशासन, समय की पाबंदी, जिम्मेदारी, टीमवर्क और सकारात्मक सोच विकसित करने के लिए प्रेरित किया जाता है।
उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को नई तकनीक सीखने और लगातार अपने कौशल में सुधार करने का अवसर दिया जाता है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद अप्रेंटिसशिप और रोजगार के विभिन्न अवसरों के लिए भी मार्गदर्शन दिया जाता है। संस्थान विद्यार्थियों को इन अवसरों की जानकारी उपलब्ध कराने का प्रयास करता है।
प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की कि अंतिम समय का इंतजार न करें और समय रहते आवेदन व प्रवेश प्रक्रिया पूरी करें। उन्होंने कहा कि रुचि और योग्यता के अनुसार सही ट्रेड का चुनाव कर विद्यार्थी अपने करियर को नई दिशा दे सकते हैं। इच्छुक विद्यार्थी प्रवेश संबंधी जानकारी के लिए राजकीय आईटीआई बसताडा में संपर्क कर सकते हैं।