तहसील मुख्यालय पर आयोजित हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस, एडीएम ने सुनी जनसमस्याएं
शिकायतों के पारदर्शी, निष्पक्ष व धरातलीय निस्तारण के दिए निर्देश, 21 शिकायतों में से मात्र तीन का मौके पर निस्तारण
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: एडीएम शामली सत्येंद्र कुमार सिंह ने कैराना तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जनसमस्याएं सुनी। इस दौरान विभिन्न मामलों से सम्बंधित 21 शिकायती प्रार्थना-पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से तीन शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
विगत शनिवार को स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम होने के चलते अगस्त माह का सम्पूर्ण समाधान दिवस सोमवार को तहसील मुख्यालय पर स्थित सभागार कक्ष में आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी शामली सत्येंद्र कुमार सिंह ने की। इस दौरान एडीएम ने क्षेत्र से आए फरियादियों की समस्याओं को गम्भीरता से सुना। कार्यक्रम में नए राशन कार्ड बनवाने, जमीनों से अवैध कब्जा हटवाने, विपक्षियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराकर उनकी गिरफ्तारी कराने समेत विभिन्न मामलों से संबंधित कुल 21 शिकायती प्रार्थना-पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से तीन शिकायती-पत्रों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
शेष शिकायतों को यथाशीघ्र निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित कर दिया गया। एडीएम ने शिकायतों के धरातलीय, पारदर्शी, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए है। कार्यक्रम में एसडीएम कैराना शिवाजी यादव, तहसीलदार अर्जुन चौहान, आपूर्ति निरीक्षक संदीप मौर्य व शौदान सिंह, एडीओ पंचायत राहुल पंवार, लेखपाल अनुराग पंवार, लवकेश तंवर, अंकित गुलियां, मुज्जकिर खान आदि मौजूद रहे।
