Asian Weightlifting Championship: प्रताप स्कूल की तमन्ना ने एशियन वेटलिफ्टिंग  ताशकंद में जीता कांस्य पदक

ताशकंद में 69 किलोग्राम वर्ग में जीता Bronze Medal, राष्ट्रीय स्तर पर National Record समेत कई स्वर्ण पदक अपने नाम कर चुकी हैं तमन्ना

Published On

खरखौदा (सच कहूँ)।  प्रताप स्कूल की  वेटलिफ्टर तमन्ना ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उज्बेकिस्तान के ताशकंद में आयोजित एशियन यूथ एंड जूनियर वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप-2026 में  69 किलोग्राम भारवर्ग में कांस्य पदक जीतकर देश, प्रदेश और  स्कूल का नाम रोशन किया। द्रोणाचार्य अवार्डी  ओम प्रकाश दहिया, संस्थापक सत प्रकाश नंबरदार, प्राचार्या दया दहिया, एकेडमिक डायरेक्टर डॉ. सुबोध दहिया, स्कूल स्टाफ, प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों ने तमन्ना को बधाई दी तथा उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ जीत चुकी है स्वर्ण पदक : 

तमन्ना पिछले कुछ वर्षों से राष्ट्रीय स्तर पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। 10 से 14 फरवरी 2026 तक मोदीनगर, उत्तर प्रदेश में आयोजित नेशनल जूनियर, यूथ एवं सीनियर वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में उसने 69 किलोग्राम जूनियर वर्ग में राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता। इसी प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में उसने कांस्य पदक हासिल किया। 8 से 12 जनवरी 2026 तक मोदीनगर में आयोजित खेलो इंडिया अस्मिता नेशनल वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में तमन्ना ने 71 किलोग्राम जूनियर एवं सीनियर दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीते।

इससे पहले वर्ष 2025 में मोदीनगर में आयोजित खेलो इंडिया अस्मिता महिला वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में भी उसने 71 किलोग्राम सीनियर और जूनियर दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीते थे। वहीं 8 से 14 मई 2025 तक बिहार में आयोजित खेलो इंडिया यूथ गेम्स में 71 किलोग्राम भारवर्ग में भी उसने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वर्ष 2024 में भी तमन्ना का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा। दिल्ली के पहलादपुर में आयोजित नेशनल स्कूल अंडर-19 वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में  76 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक, नागरोटा, हिमाचल प्रदेश में आयोजित नेशनल यूथ वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में 64 किलोग्राम यूथ वर्ग में स्वर्ण पदक तथा पटना में आयोजित नेशनल स्कूल वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में 64 किलोग्राम अंडर-17 वर्ग में कांस्य पदक जीता।

विजेता खिलाड़ी में ओलंपिक पदक जीतने की क्षमता :

द्रोणाचार्य अवार्डी ओम प्रकाश दहिया ने तमन्ना को बधाई देते हुए कहा कि वह बेहद मेहनती, अनुशासित, संघर्षशील और प्रतिभाशाली खिलाड़ी है। कठिन परिस्थितियों से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करना उसकी प्रतिभा और मानसिक मजबूती को दर्शाता है।

About The Author

Related Posts