‘एक पेड़ माँ के नाम’ विषय पर हिंदू गर्ल्स कॉलेज, जगाधरी में पौधारोपण अभियान आयोजित
शिवाजी प्रेस क्लब ने चलाया पौधारोपण अभियान
छछरौली (सच कहूँ/राजेंद्र कुमार)। Chhachhrauli News: प्रकृति के प्रति प्रेम, पर्यावरण संरक्षण तथा भावी पीढ़ियों के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देते हुए हिंदू गर्ल्स कॉलेज, जगाधरी की यूथ रेड क्रॉस यूनिट एवं शिवाजी प्रेस क्लब यमुनानगर के सहयोग से ‘एक पेड़ माँ के नाम’ विषय पर पौधारोपण अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी देखभाल करने और उन्हें संरक्षित करने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के सदस्य मास्टर अमर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जबकि विशिष्ट अतिथि के तौर पर एसडीएम जगाधरी विश्वनाथ और डीएसपी रजत गुलिया , समाजसेवी एंव भीम अवार्डी सतपाल सिंह रोजी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की उन्होंने पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अपनी माँ अथवा माता-पिता के नाम पर पौधा लगाना उनके प्रति प्रेम एवं कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ-साथ धरती माँ के प्रति सम्मान प्रकट करने का भी सुंदर माध्यम है। उन्होंने सभी से कम से कम एक पौधा लगाने का आह्वान करते हुए कहा कि पेड़ों को बचाना ही पृथ्वी को बचाना है और प्रत्येक व्यक्ति पौधारोपण एवं पौधों की देखभाल के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान दे सकता है।
हिंदू गर्ल्स कॉलेज, जगाधरी की प्राचार्या श्रीमती मोनिका खुराना, शिवाजी प्रेस क्लब से रविंदर चौहान, डॉo रविश चौहान पूर्व प्राचार्य ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
कार्यक्रम में शिवाजी प्रेस क्लब के सदस्यों रविंदर चौहान, अमित गुप्ता, डॉ. रविश चौहान, नितिन सिंगला, राजेंद्र कुमार, राम किशन कश्यप, संजीव गुप्ता, रवि कांत एवं सविता कल्याण, रवि कुमार, अंतिम प्रजापति, अली जान रौनक, सरदारी लाल और सतीश धीमान की गरिमामयी उपस्थिति रही।
यमुनानगर के डीएसपी रजत गुलिया ने भी कार्यक्रम में पहुंचकर पौधारोपण किया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि केवल पौधा लगा देना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पौधा लगाने के बाद उसकी नियमित देखभाल एवं सुरक्षा करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने द्वारा लगाए गए पौधों की जिम्मेदारी लेने तथा उनके स्वस्थ विकास को सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया।
एसडीएम जगाधरी विश्वनाथ ने भी कार्यक्रम में शिरकत कर पौधारोपण किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज केवल आवश्यकता नहीं, बल्कि हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान हमें अपनी माँ के प्रति प्रेम और प्रकृति के प्रति कर्तव्य—दोनों को एक साथ निभाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि यदि हम आज पेड़ लगाएंगे और उन्हें सुरक्षित रखेंगे, तभी आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, स्वस्थ वातावरण और सुरक्षित भविष्य दे पाएंगे।
समाजसेवी भीम अवार्डी सतपाल सिंह रोजी ने भी एक पेड़ मां के नाम लगाया
इस अवसर पर प्राचार्या मोनिका खुराना ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों की भूमिका केवल शिक्षा प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी उनका महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने कहा कि “एक पेड़ केवल एक पौधा नहीं, बल्कि स्वच्छ हवा, स्वस्थ पर्यावरण और बेहतर भविष्य का संकल्प है।” उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान पर्यावरण संरक्षण को माँ एवं माता-पिता के प्रति प्रेम, सम्मान और कृतज्ञता की भावनाओं से जोड़ता है। उन्होंने विद्यार्थियों से पौधारोपण को केवल एक दिन की गतिविधि न मानकर इसे निरंतर जीवनशैली का हिस्सा बनाने तथा पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी रक्षा एवं देखभाल करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की प्रभारी डॉ. सोनिया शर्मा ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति प्रेम, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करती हैं। उन्होंने कहा, “यदि हम प्रकृति से प्रेम करेंगे और उसकी देखभाल करेंगे, तो प्रकृति भी निश्चित रूप से हमसे प्रेम करेगी और हमारी रक्षा करेगी।” उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यावरण जागरूकता के दूत बनकर अपने परिवार एवं समाज को भी पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया।
पौधारोपण अभियान में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके साथ ही विद्यार्थियों ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ विषय पर आयोजित पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने अपने आकर्षक एवं संदेशपरक पोस्टरों के माध्यम से पेड़ों को बचाने, प्रकृति की रक्षा करने तथा हरित एवं स्वस्थ भविष्य के निर्माण का संदेश दिया
कार्यक्रम का समापन ‘एक पेड़ माँ के नाम’ के संदेश को एक सतत पर्यावरणीय अभियान में परिवर्तित करने के संकल्प के साथ हुआ। कार्यक्रम ने यह सशक्त संदेश दिया कि आज लगाया गया प्रत्येक पेड़ आने वाली पीढ़ियों के लिए एक अनमोल उपहार है और प्रत्येक संरक्षित पेड़ धरती माँ की रक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।