कैराना पुलिस ने 1.55 करोड़ रुपये की स्मैक पकड़ी, तीन तस्कर गिरफ्तार

'नशे के अंधकार से, जीवन के उजाले की ओर' मुहिम के तहत मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ अभियान जारी

Published On

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: कोतवाली पुलिस ने 'ऑपरेशन सवेरा' के तहत कार्यवाही करते हुए दो अलग-अलग स्थानों से तीन मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से 776 ग्राम स्मैक तथा तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट कार बरामद हुई है। पकड़ी गई स्मैक की अनुमानित कीमत 01.55 करोड़ रुपये बताई गई है।

डीआईजी सहारनपुर के कुशल नेतृत्व में पुलिस की ओर से परिक्षेत्र के अंतर्गत मादक पदार्थों, नशे के अवैध कारोबार, प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी एवं बिक्री पर प्रभावी रोकथाम हेतु विशेष अभियान 'ऑपरेशन सवेरा:नशे के अंधकार से, जीवन के उजाले की ओर' चलाया जा रहा है, जिसके तहत सोमवार को कोतवाली पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार के नेतृत्व में कार्यवाही करते हुए कैराना-भूरा राजबाहे की पटरी से बिना नंबर प्लेट की एलएक्सआई स्विफ्ट कार में सवार दो मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में अपना नाम व पता अहसान उर्फ छोटू निवासी ग्राम गोगवान व मेहरबान निवासी ग्राम गढ़ी बेसक थाना सनौली खुर्द जनपद पानीपत हरियाणा बताए। आरोपियों के कब्जे से 520 ग्राम स्मैक बरामद हुई है। पकड़ी गई स्मैक की अनुमानित कीमत 01 करोड़, 04 लाख रुपये बताई गई है।

वहीं, दूसरी ओर पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान कस्बे के शामली बाईपास पर बिजलीघर के सामने स्थित रहीस के बाग से भी एक मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से 256 ग्राम स्मैक बरामद हुई है। पकड़ी गई स्मैक की अनुमानित कीमत अंतर्राष्ट्रीय बाजार में 51 लाख रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस पूछताछ में अपना नाम व पता मुनफैद निवासी ग्राम मंडावर बताया। पुलिस ने दोनों स्थानों से पकड़े गए मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा-8/21 के तहत मुकदमा दर्ज करके उन्हें जेल भेज दिया है।

पुलिस की आम नागरिकों से सक्रिय योगदान की अपील

जनपद शामली पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए गए ऑपरेशन सवेरा को सफल बनाने की अपील की है। पुलिस ने जनपद के नागरिकों से अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेकर योगदान देने की अपील की है। शामली पुलिस ने अपने संदेश में कहा है कि 'वह जनपद के सभी नागरिकों से अपील करती है कि इस अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करें। 'नशे के अंधकार से, जीवन के उजाले की ओर' बढ़ते हुए हम सब मिलकर जनपद शामली को नशामुक्त बनाने का संकल्प लें।

Kairana News (4)

About The Author

Related Posts