प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए काम कर रही डबल इंजन की सरकार: संजीव शर्मा
पीआरडी स्वयंसेवकों को योगी सरकार की बड़ी सौगात, ड्यूटी भत्ता बढ़ाकर 600 रुपये
गाजियाबाद (सच कहूँ न्यूज़/रविंद्र सिंह)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में गोरखपुर के बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह, रामगढ़ ताल से प्रान्तीय रक्षक दल (पीआरडी) स्वयंसेवकों के सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का प्रदेश के सभी जनपद मुख्यालयों पर लाइव प्रसारण किया गया। गाजियाबाद में भी अधिकारियों, पीआरडी स्वयंसेवकों और अन्य लोगों ने कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा।इस दौरान मुख्यमंत्री ने पीआरडी स्वयंसेवकों के हित में तीन बड़ी घोषणाएं कीं। इनमें ड्यूटी भत्ते में बढ़ोतरी, कैशलेस चिकित्सा सुविधा और लखनऊ में मल्टीस्टोरी बैरक का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने पीआरडी स्वयंसेवकों का ड्यूटी भत्ता 500 रुपये प्रतिदिन से बढ़ाकर 600 रुपये प्रतिदिन करने की घोषणा की। साथ ही स्वयंसेवकों और उनके आश्रित परिवार के सदस्यों को प्रति वर्ष पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का ऐलान किया गया।
अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार का उद्देश्य:विधायक
गाजियाबाद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सदर विधायक संजीव शर्मा ने पीआरडी स्वयंसेवकों और उपस्थित गणमान्य नागरिकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र के साथ प्रदेश के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार कर्मचारियों और विभिन्न वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए वेतन, मानदेय और अन्य सुविधाओं में लगातार आवश्यक सुधार कर रही है। पीआरडी स्वयंसेवकों के ड्यूटी भत्ते में 100 रुपये प्रतिदिन की बढ़ोतरी और उनके परिवार के लिए पांच लाख रुपये वार्षिक कैशलेस चिकित्सा सुविधा इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और प्रदेश में समावेशी विकास सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ और परियोजना निदेशक प्रदीप कुमार पाण्डेय ने भी पीआरडी स्वयंसेवकों को संबोधित किया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी नूतन सोनकर, ऋचा तिवारी, आशिमा गोस्वामी, व्यायाम प्रशिक्षक सौरभ कुमार सहित विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।