पुलिस लाइन में तैनात कर्मचारियों को दिलाई नशे से दूर रहने एवं नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ
नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सोनीपत पुलिस कर्मचारियों ने ली शपथ
सोनीपत (सच कहूँ न्यूज़)। Sonipat News: पुलिस आयुक्त सोनीपत ममता सिंह के मार्गदर्शन में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति आमजन को जागरूक करने तथा समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से सोनीपत पुलिस द्वारा चलाया जा रहा नशामुक्त अभियान में पुलिस लाइन सोनीपत में तैनात पुलिस कर्मचारियों को नशे से दूर रहने एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ दिलाई गई। लाइन अफसर उप निरीक्षक कुलदीप सिंह की अगुवाई में पुलिस कर्मचारियों ने शपथ लेते हुए संकल्प किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेंगे।
कर्मचारियों ने यह भी संकल्प लिया कि वे अपने जिले, राज्य एवं देश को नशामुक्त बनाने के लिए अपनी क्षमता के अनुसार हर संभव प्रयास करेंगे। सोनीपत पुलिस द्वारा आमजन, विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है। पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ नशे से प्रभावित लोगों को उपचार एवं पुनर्वास के माध्यम से मुख्यधारा में लाने तथा युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता गतिविधियां भी लगातार आयोजित की जा रही हैं।