नहर से पानी चोरी पर सिंचाई विभाग की सख्ती, 14 अवैध कनेक्शन काटे
निर्धारित मात्रा की तुलना में करीब 150 क्यूसेक कम पहुंच रहा पानी: विभाग
कलायत (सच कहूँ न्यूज)। Kalayat News: मुख्य सिरसा ब्रांच नहर से अवैध कनेक्शन के जरिए सिंचाई पानी चोरी करने वालों के खिलाफ सिंचाई विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। सिंचाई विभाग कैथल के मुख्य अधीक्षक नीरज शर्मा के निर्देश पर उपमंडल एसडीओ अखिल कौशिक के नेतृत्व में विभागीय टीम ने विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान सुंड़कों, इंजन व अन्य संसाधनों के माध्यम से नहर से पानी खींचने वाले 14 अवैध कनेक्शन पकड़े गए। एसडीओ ने मौके पर ही सभी अवैध कनेक्शन कटवा दिए। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि नहर से छेड़छाड़ कर अवैध तरीके से पानी लेने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार निर्धारित बंटवारे के तहत सिरसा ब्रांच नहर के माध्यम से हिसार जिले को करीब 1600 क्यूसेक पानी मिलना चाहिए, लेकिन निर्धारित मात्रा की तुलना में करीब 150 क्यूसेक पानी कम पहुंच रहा है। इससे किसानों की सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है और उन्हें उनके हिस्से का पानी नहीं मिल पा रहा। पानी की इस गंभीर कमी को देखते हुए विभाग के शीर्ष अधिकारियों ने नहर से पानी चोरी के मामलों में सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि नहर से पानी की एक-एक बूंद की चोरी पर नजर रखी जाएगी और अवैध कनेक्शन लगाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
एसडीओ अखिल कौशिक ने कहा कि सिंचाई पानी की चोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पानी की कमी से जूझ रहे किसानों को मांग के अनुसार सिंचाई पानी उपलब्ध करवाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने बताया कि जिन किसानों द्वारा अवैध रूप से सुड़कों के जरिए नहर से पानी खींचा जा रहा था, उनके खिलाफ कनाल एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
