मीरापुर में गरजे सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, बोले-किसान, गरीब, छात्र और महिलाओं के साथ छल करने वाली सरकार को जनता देगी जवाब
मीरापुर में गरजे सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, बोले-किसान, गरीब, छात्र और महिलाओं के साथ छल करने वाली सरकार को जनता देगी जवाब
मीरापुर (सच कहूं/कोमल कुमार)। Mirapur News: समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल का मंगलवार को मीरापुर आगमन पर समाजवादी कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह भव्य स्वागत किया। मदरसा इस्लामिया जामिया में वरिष्ठ सपा नेता हाजी मूसा के नेतृत्व में सैकड़ों समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया। इस दौरान आयोजित सभा में प्रदेश अध्यक्ष ने वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने का दावा करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता बदलाव का मन बना चुकी है।
सभा को संबोधित करते हुए हाजी मूसा ने कहा कि समाजवादी पार्टी सर्वसमाज को साथ लेकर आगे बढ़ रही है और वर्ष 2027 में प्रदेश में सपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी उन्हें मीरापुर विधानसभा से प्रत्याशी बनाती है तो क्षेत्र के विकास को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि मीरापुर क्षेत्र में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाएगा तथा छात्रों के बेहतर भविष्य के लिए नीट, यूपीएससी सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु निशुल्क कोचिंग की व्यवस्था कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह क्षेत्र के प्रत्येक कार्यकर्ता और आमजन के लिए चैबीसों घंटे उपलब्ध रहेंगे। पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने कहा कि प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है और वर्ष 2027 में जनता उसे सत्ता से बाहर कर समाजवादी पार्टी को बहुमत देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार की किसान, गरीब, छात्र और महिलाओं से जुड़ी योजनाएं केवल दिखावा साबित हुई हैं तथा जनता अब इन नीतियों से निराश हो चुकी है।
अयोध्या राम मंदिर में कथित दान चोरी के मामले का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यदि भगवान के घर की संपत्ति भी सुरक्षित नहीं है तो आम जनता के हितों की रक्षा कैसे होगी। शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि प्रत्येक अभिभावक का सपना होता है कि उसका बच्चा मेहनत के बल पर नीट, यूपीएससी और अन्य प्रतियोगी परीक्षाएं पास कर देश का नाम रोशन करे, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाओं ने युवाओं का विश्वास कमजोर किया है। उन्होंने कहा कि केवल कानून बनाने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि उसे प्रभावी ढंग से लागू करना भी आवश्यक है। प्रदेश अध्यक्ष का रामराज, कैथोड़ा तथा मीरापुर में विधानसभा अध्यक्ष सादिक चैहान के आवास पर भी जोरदार स्वागत किया गया। कार्यक्रम में सपा जिलाध्यक्ष जिया चैधरी, विधायक पंकज मलिक सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
