पैर में पुलिस की गोली लगते ही कराहता नजर आया शातिर अपराधी
ग्रामीण पर हुए जानलेवा हमले के मामले में चल रहा था वांछित, आरोपी पर जनपद के विभिन्न थानों पर मर्डर समेत कई संगीन मुकदमें दर्ज
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: ग्रामीण पर जानलेवा हमले के मामले में वांछित चल रहा 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश मुठभेड़ के दौरान पैर में पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। आरोपी के कब्जे से अवैध हथियार व बिना नंबर की बाइक बरामद हुई है। मुठभेड में घायल बदमाश शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ हत्या व गैंगस्टर समेत कई गम्भीर मुकदमें दर्ज है। विगत 05 जुलाई की रात्रि रविन्द्र कुमार निवासी ग्राम लिलौन के घर के बाहर गांव के ही गौतम व विनीत उर्फ सोनी गाली-गलौच कर रहे थे। रविन्द्र ने ऐसा करने से मना किया तो आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से तमंचे से उसके ऊपर फायरिंग कर दी। मामले के सम्बन्ध में सदर कोतवाली पर अभियोग पंजीकृत कराया गया था।
पुलिस ने आरोपी विनीत उर्फ सोनी को उसी दिन गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया था, जबकि गौतम फरार चल रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी हेतु एसपी शामली ने 25,000 रूपये का इनाम घोषित किया था। इसी क्रम में विगत सोमवार की रात्रि एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर शामली पुलिस सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र गौतम के नेतृत्व में लूट, डकैती एवं नकबजनी आदि घटनाओं की रोकथाम तथा वांछित व इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु मेरठ-करनाल हाइवे पर स्थित सिम्भालका अण्डरपास के नीचे चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मेरठ की ओर से एक व्यक्ति बाइक पर सवार होकर आया, जिसे रुकने का इशारा किया गया। परन्तु बाइक सवार व्यक्ति रुकने की बजाय पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करके बलवा चौराहे की ओर भागने लगा।
पुलिस टीम ने आरोपी का पीछा किया। आरोपी मेन रोड़ को छोडकर बलवा गांव की ओर जाने वाली चकरोड़ पर मुडकर फरार होने लगा। पुलिस टीम के द्वारा लगातार पीछा किये जाने के कारण आरोपी की बाइक फिसलकर गिर गई। आरोपी ने पुनः पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर किया, जिसके आत्मरक्षार्थ पुलिस की जवाबी कार्यवाही में भाग रहे आरोपी के दाएं पैर में गोली लग गई। आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम व पता गौतम निवासी ग्राम लिलौन बताया। आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, 02 जिन्दा व खोखा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की पैशन बाइक बरामद हुई। आरोपी पर 25,000 रुपये का पुरस्कार घोषित है। आरोपी के विरुद्ध जनपद के विभिन्न थानों पर हत्या, जानलेवा हमला, गैगस्टर समेत कुल 13 अभियोग पंजीकृत हैं।
