Light and Sound Show: अंबाला कैंट में लाइट एंड साउंड शो का प्रदर्शन, शहीद स्मारक में पहुंचे ऊर्जा मंत्री
अंबाला कैंट में लाइट एंड साउंड शो का प्रदर्शन, शहीद स्मारक में पहुंचे ऊर्जा मंत्री
अंबाला (सच कहूँ न्यूज)। Ambala News: स्वतंत्रता दिवस की सायं को अंबाला छावनी में नवनिर्मित शहीद स्मारक के ओपन एयर थिएटर में एक विशेष लाइट एंड साउंड शो का आयोजन किया गया। ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने भारतीय जनता पार्टी के कार्यकतार्ओं और स्थानीय अधिकारियों के साथ इस शो का अवलोकन किया। पत्रकारों से बातचीत में ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने बताया कि इस स्मारक में वर्ष 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी ऐतिहासिक घटनाओं और संघर्षों को प्रदर्शित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 22 एकड़ में फैले इस शहीद स्मारक में तकनीक के माध्यम से अंबाला, मेरठ और झांसी सहित देश भर के क्रांतियों का इतिहास दिखाया जाएगा। विज ने उम्मीद जताई कि उद्घाटन के पश्चात हर स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस पर यहाँ विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेता कपिल विज, स्मारक निदेशक कुलदीप सैनी और पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन रितेश अग्रवाल सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
