हांसी में किसानों-पुलिस के बीच टकराव, पथराव के बाद लाठीचार्ज; 10 किसान नेता न्यायिक हिरासत में

जीवन कुंडू हत्याकांड पर हांसी में बवाल, पथराव के बाद लाठीचार्ज

Published On

हांसी (सच कहूँ/मुकेश)। Hansi News: हिसार के डेयरी संचालक जीवन कुंडू हत्याकांड में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शनिवार को हांसी में किसानों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस और किसानों के बीच टकराव हो गया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के ध्वजारोहण कार्यक्रम का विरोध करने जा रहे किसानों को पुलिस ने शहर के प्रवेश मार्गों पर रोकने का प्रयास किया। सिसाय पुल के पास प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच पथराव हुआ, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर किसानों को खदेड़ दिया। घटना में कई किसान घायल हुए, जबकि एसपी विनोद कुमार समेत कई पुलिसकर्मी भी चोटिल हुए।

पुलिस के अनुसार प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड तोड़ने, पुलिस नाके हटाने और पुलिसकर्मियों पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया तथा पुलिस पर पथराव किया। इसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग किया। पथराव में एसपी विनोद कुमार के हाथ में चोट लगी। सीआईए इंस्पेक्टर समेत पांच-छह पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी जानकारी है। प्रदर्शन में शामिल कुछ महिलाएं पुलिस कार्रवाई के दौरान दुकानों में छिप गईं। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि किसान नेता सुरेश कौथ समेत 13 नामजद और करीब 150 से 200 अन्य महिला-पुरुषों के खिलाफ हांसी शहर थाने में केस दर्ज किया गया है। 

4 अगस्त को हुई थी जीवन की हत्या:दरअसल, हिसार में चार अगस्त को डेयरी संचालक जीवन कुंडू की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई थी। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मृतक के परिजनों और किसानों ने मुख्यमंत्री के स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम का विरोध करने का ऐलान किया था। जीवन का अंतिम संस्कार अभी नहीं हुआ है और उसका शव अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में रखा हुआ है।

10 किसान नेता न्यायिक हिरासत में: मामले में गिरफ्तार किए गए 10 किसान नेताओं को रविवार को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। अदालत ने सभी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया। कोर्ट से ले जाते समय किसान नेताओं ने इंकलाब जिंदाबाद के नारे लगाए। न्यायिक हिरासत में भेजे गए किसान नेताओं में शमशेर सिंह नंबरदार, सुरेश कौथ, सुरेंद्र (पड़ाव चौक, हिसार), सुभाष चंद्र (नहला), सतपाल (लाडवा), सुमित (चिड़ी, रोहतक), रणबीर (उमरा), वजीर सिंह (लाडवा), जगमहेंद्र (बहु अकबरपुर) और सुलेंद्र (किनाला) शामिल हैं।

Hansi News
Hansi News: किसान नेताओं को कोर्ट में पेश करते हुए पुलिस।

 

About The Author

Related Posts