Kanwar: कांवड़ जल्दी चढ़ाने के विवाद में फायरिंग, सीने में गोली लगने से युवक गंभीर, 4 आरोपी गिरफ्तार

4 आरोपी हथियार व कार सहित गिरफ्तार,

Published On

भिवानी/चरखी दादरी (सच कहूँ न्यूज)। Charkhi Dadri News: गांव खेड़ी बूरा बस अड्डे के पास कांवड़ चढ़ाने को लेकर पुरानी रंजिश के चलते गाड़ी सवार युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई। हमले में गांव खेड़ी बूरा निवासी मंजीत पुत्र कृष्ण के सीने में गोली लगी, जबकि उसके साथ गाड़ी में सवार दो अन्य युवक बाल-बाल बच गए। गंभीर रूप से घायल मंजीत का मेदांता अस्पताल में उपचार चल रहा है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। डीएसपी साहिल ढिल्लो ने बताया कि 15 अगस्त की अलसुबह गोलीबारी की सूचना मिलने पर सदर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि शिवरात्रि के दौरान दोनों पक्ष कांवड़ लेने गए थे। वहां मंजीत और आरोपी योगेश के बीच कहासुनी हुई थी।

इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने हमला करने की योजना बनाई। 15 अगस्त की रात करीब तीन बजे मंजीत अपने साथियों के साथ फॉर्च्यूनर गाड़ी में गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान आॅरा कार में सवार आरोपियों ने उनकी गाड़ी रुकवाकर फायरिंग कर दी। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर अटेला क्रैशर जोन के पास से चार आरोपियों जिनमें महावीर पुत्र सदाराम (निवासी गांव बोहला, सोनीपत हाल निवासी नरेला, दिल्ली), योगेश उर्फ छोटू उर्फ पहलवान (निवासी खेड़ी बुरा), विक्रम (निवासी टांडाहेड़ी, झज्जर हाल निवासी नरेला, दिल्ली) प्रदीप उर्फ सोनू (निवासी जिनौली, खरखौदा सोनीपत, हाल निवासी नरेला, दिल्ली) को काबू किया है। आरोपियों के कब्जे से हुंडई आॅरा कार, दो अवैध देशी पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी शुरू कर दी है।

Charkhi Dadri News
Charkhi Dadri News: पुलिस गिरफ्त में आरोपी।

About The Author

Related Posts