Pradhan Mantri Awas Yojana: पीएम आवास योजना के नाम पर ठगी करने का आरोपी दबोचा, कारागार रवाना

405 लोगो से कच्चे मकानों को पक्का बनवाने का लालच देकर 12.20 लाख रुपये ठग चुका है आरोपी

Published On

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Pradhan Mantri Awas Yojana: प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर भोले-भाले गरीब लोगों को अपना शिकार बनाकर ठगी करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल भेजा है। आरोपी कच्चे मकानों को पक्का बनवाने का लालच देकर 405 लोगो से 12.20 लाख रुपये हड़प चुका है।

विगत 18 जुलाई को महताब निवासी ग्राम जन्धेड़ी ने कोतवाली कैराना पर मुकदमा दर्ज कराया था। बताया कि सोनू निवासी ग्राम भारी दीनदारपुर थाना नानौता जनपद सहारनपुर ने उसके गांव जंधेड़ी में आकर स्वयं को ब्लॉक अधिकारी शामली बताते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत कच्चे मकान को पक्का कराने हेतु 2.80 लाख रूपये दिलाने का झांसा देकर फाइल चार्ज एवं अन्य शुल्क के नाम पर 960 रुपये ऑनलाइन तथा 5,000 रुपये नगद प्राप्त करने का आरोप लगाए थे।

एसपी ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को मामले की जांच करके सख्त कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में शनिवार को एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशानुसार सरकारी योजनाओं का लालच देकर धोखाधडी करने वालों के विरूद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कैराना पुलिस ने प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर धोखाधड़ी कर रुपये हड़पने वाले आरोपी सोनू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चालान करके आरोपी को जेल भेज दिया है।

405 भोले-भाले लोगो को अपना शिकार बना चुका है सोनू

एसपी ने बताया कि आरोपी सोनू प्रधानमंत्री आवास योजना की वेबसाइट से लाभार्थियों की सूची प्राप्त करके गांव-गांव जाकर कच्चे मकान वाले व्यक्तियों को पक्का मकान बनवाने का झांसा देता था। वह प्रत्येक व्यक्ति से फाइल चार्ज तथा अन्य शुल्क के नाम पर अलग-अलग धनराशि यूपीआई के माध्यम से अपने खाते में जमा कराता था। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी कुल 405 व्यक्तियों से धोखाधड़ी करके लगभग 12,20,246 रुपये की रकम हड़प चुका है। आरोपी रकम हड़पने के पश्चात सम्बंधित व्यक्ति के मोबाइल फोन पर 2.80 लाख रुपये की धनराशि खाते में क्रेडिट होने का फर्जी टेक्स्ट मैसेज भेजकर उन्हें विश्वास में लेता था।

Kairana News (8)

About The Author

Related Posts