Fraud: रुपए तीन-चार गुना करने का झांसा देकर 30 हजार की ठगी
नकली नोटों का बंडल थमाकर फरार, पंजाब के युवक की शिकायत के करीब एक सप्ताह बाद एफआईआर
हनुमानगढ़। रुपए तीन-चार गुना करने का लालच देकर 30 हजार रुपए की ठगी करने और बदले में नकली नोटों का बंडल थमाने के मामले में जंक्शन थाना पुलिस ने महिला सहित दो आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह मामला करीब एक सप्ताह पहले सामने आया था, जबकि अब पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई प्रारंभ की है। Hanumangarh News
पुलिस के अनुसार पंजाब के जिला फिरोजपुर के थाना गुरुहरसहाय क्षेत्र स्थित बस्ती मघर सिंह वाला निवासी तस्वीर सिंह (40) पुत्र गुरदीप सिंह ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया कि उसके गांव की रहने वाली नीतू, जिसकी शादी जंक्शन में हुई है, उसकी पहले से पहचान थी। कुछ दिन पहले नीतू ने मोबाइल पर संपर्क कर बताया कि वह एक कंपनी में कार्यरत है, जहां निवेश करने पर रुपए दो से तीन गुना और कई बार तीन से चार गुना तक बढ़ाकर अच्छा मुनाफा दिया जाता है।
शिकायत के अनुसार 29 जुलाई को नीतू ने फिर फोन कर उसे रुपए लेकर जंक्शन बुलाया। इसके बाद तस्वीर सिंह अपने परिचित रमनदीप सिंह निवासी पजे के इंठाड, तहसील गुरुहरसहाय, जिला फिरोजपुर के साथ रेलगाड़ी से जंक्शन पहुंचा। पीड़ित के अनुसार बाजार क्षेत्र में नीतू अपने एक साथी के साथ मिली, जिसने अपना नाम सोनू बताया। Hanumangarh News
दोनों एक आरजे 31 एसके 2284 नंबर की मोटर साइकिल पर आए थे। आरोप है कि नीतू और उसके साथी ने तस्वीर सिंह से 10 हजार रुपए नकद लिए, जबकि रमनदीप सिंह से 20 हजार रुपए गूगल पे के माध्यम से 9928721318 नंबर पर ट्रांसफर करवाए। रुपए लेने के बाद आरोपियों ने एक बंडल देकर कहा कि इसमें बढ़ी हुई रकम है। दोनों के वहां से चले जाने के बाद जब बंडल खोलकर देखा गया तो उसमें नकली नोट निकले। इसके बाद पीड़ितों को अपने साथ हुई ठगी का पता चला।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने रुपए कई गुना बढ़ाने का झांसा देकर विश्वास में लिया और यह कहकर गुमराह किया कि दिए गए नोट बाजार और बैंक में आसानी से चल जाएंगे। इसी विश्वास में आकर उन्होंने रुपए दे दिए और ठगी का शिकार हो गए। जंक्शन थाना पुलिस ने तस्वीर सिंह की रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रकरण की जांच सहायक उपनिरीक्षक प्रताप सिंह को सौंपी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर आरोपियों की तलाश में जुटी है। Hanumangarh News